हिमाचल में कोरोनाकाल के समय लोगों पर दर्ज मामले वापस लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने फैसला लिया है कि कोरोना कॉल के दौरान जिन लोगों पर केस दर्ज किए गए हैं, वह सभी मामले वापस लिए जाएंगे। सरकार के इस फैसले से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जिन पर महामारी से जुड़े विभिन्न नियमों और दिशा-निर्देशों की अवहेलना के दृष्टिगत केस दायर किए गए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवीय संवेदनाओं के साथ करुणा भाव शासन का अभिन्न अंग है। कोरोना महामारी से त्रस्त बहुत से लोगों पर नियमों के उल्लंघन के मामले दर्ज किए गए थे। कुछ लोग रोजगार की तलाश में भटक रहे थे तो कुछ परिवार के लिए राशन और दवाई का इंतजाम करने के लिए बाजार का रुख कर रहे थे। महामारी ने सभी को मजबूर कर दिया था।
लोगों के क्रिया-कलापों में आपराधिक प्रवृत्ति का बोध नहीं
सरकार का मानना है कि सामाजिक और पारिवारिक सरोकारों के निर्वहन में आपराधिक प्रवृत्ति नहीं होती। कोरोना काल में जिन लोगों ने विभिन्न नियमों व दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया वे साधारण लोग थे। उनके क्रिया-कलापों में आपराधिक प्रवृत्ति का बोध नहीं था।
लोगों को मानसिक तनाव से मिलेगी मुक्ति
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ऐसे लोगों को राहत देने के लिए ही प्रदेश सरकार ने कोरोना दिशा-निर्देशों की अवहेलना के लिए दर्ज मामले तुरंत प्रभाव से वापस लेने का निर्णय लिया है। इससे इन लोगों को मानसिक तनाव से भी मुक्ति मिलेगी। वह अपने कार्य को ऊर्जा व दक्षता से करने में सक्षम होंगे।
प्रदेश सरकार का फैसला राजनीतिक नहीं
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह फैसला राजनीतिक नहीं, बल्कि उनका दायित्व होने के साथ-साथ मानवीय सरोकार से जुड़ा है। कोरोना काल के दौरान कोविड प्रोटोकॉल और कोविड नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सरकार ने मामले दर्ज करवाए थे। इसमें ज्यादातर मामले लोगों द्वारा बिना मास्क पहने हुए सार्वजनिक स्थानों पर जाने के थे।
केवल सिंह पठानिया अध्यक्ष चुने गए
हिमाचल में पहली बार MLA चुने गए विधायकों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला। उन्होंने विभिन्न मामलों पर CM के साथ अनौपचारिक चर्चा की। बता दें कि शाहपुर से विधायक केवल सिंह पठानिया को पहली बार विधायक चुने गए MLA की कार्यकारिणी का अध्यक्ष चुना गया है। बिलासपुर से विधायक त्रिलोक जम्वाल को महासचिव, गगरेट के विधायक चैतन्य शर्मा को कोषाध्यक्ष, IT और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी करसोग के विधायक दीप राज को सौंपी गई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.