हिमाचल में रिपब्लिक-डे का राज्यस्तरीय कार्यक्रम शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर होगा। कार्यक्रम की शुरुआत 11 बजे से होगी। कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री सुक्खू दोनों शामिल होंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
रिज मैदान पर 11 बजे राज्यपाल आएंगे। 11:02 मिनट पर ध्वजारोहण और राष्ट्रीय गान होगा। 11:05 पर परेड का निरीक्षण किया जाएगा। 11:10 मिनट पर मार्च पास्ट होगा। 11:20 मिनट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। इन कार्यक्रमों में झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति के गीत भी पेश किए जाएंगे। कार्यक्रम में कई रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
बर्फबारी के बीच गेयटी में होगा कार्यक्रम
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के हिसाब से रिपब्लिक-डे पर बर्फबारी होने की संभावना है। इसके लिए जिला प्रशासन पहले से ही तैयार है। DC शिमला आदित्य नेगी ने जानकारी देते हुए कहा कि रिज मैदान के अलावा गेयटी थिएटर को भी सजाया गया है। ताकि स्नोफॉल होने पर भी कार्यक्रम सफल तरीके से मनाया जा सके। इसके अलावा जो संस्कृति कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, उनकी तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं।
सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम
ASP सिटी सुनील नेगी ने कहा कि रिपब्लिक-डे के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। SP ऑफिस के ऑफिसर भी इस दौरान फील्ड में तैनात होंगे। पुलिस के 350 जवान स्पेशल ड्यूटी देंगे। इसके अलावा 3 ड्रोन कैमरा से रिज मैदान, स्कैंडल पॉइंट और मालरोड पर नजर रखी जाएगी। जो भी लोग कार्यक्रम में शिरकत करेंगे, उनकी चेकिंग होगी। इसके बाद ही एंट्री मिलेगी।
मंत्रियों को भी सौंपी जिम्मेदारी
रिपब्लिक-डे पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ऊना में होंगे। जबकि, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया चंबा, मंत्री चंद्र कुमार कांगड़ा, हर्षवर्धन चौहान सिरमौर, जगत सिंह नेगी किन्नौर और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मंडी में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह बिलासपुर, विक्रमादित्य सिंह लाहौल-स्पीति, धनीराम शांडिल सोलन, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर कुल्लू और संजय अवस्थी हमीरपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.