हिमाचल में रिपब्लिक-डे का राज्यस्तरीय कार्यक्रम शिमला के रिज मैदान पर हुआ। यहां राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सबसे पहले राज्यपाल ने परेड की सलामी ली।
इसके बाद विभिन्न विभागों की सुंदर झांकियां मंच के आगे से गुजरीं। पर्यटन विभाग को बेस्ट झांकी का अवॉर्ड दिया गया। विभाग की ओर से हेलीपोर्ट, होम स्टे और बागवानी टूरिज्म से संबंधित झांकी निकाली गई थी।
विभिन्न जिलों ने लोक संस्कृति को किया प्रस्तुत
रिज मैदान पर सुबह 11 बजे राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 11:02 मिनट पर ध्वजारोहण किया। राष्ट्रीय गान के बाद कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दलों ने हिमाचल की लोक संस्कृति को प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सांस्कृतिक दल ने मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना पर नाटक पेश किया।
40 विधायक देंगे 1-1 लाख
इस नाटक के माध्यम से लोगों को बताया गया कि योजना की शुरुआत आश्रमों में रह रहे बच्चों और वृद्ध लोगों की सेवा के लिए की गई है। इसमें कांग्रेस के सभी 40 विधायक अपने वेतन से 1-1 लाख रुपए देंगे ताकि योजना के लिए बजट का प्रावधान हो सके। मुख्यमंत्री ने इस योजना के लिए 101 करोड़ के बजट की घोषणा की है।
पारंपरिक वेश भूषा में संस्कृति दिखाई
लोगों के मनोरंजन के लिए जम्मू कश्मीर से सांस्कृतिक दल विशेष रूप से अपनी प्रस्तुति देने यहां आया हुआ है। बूम रो बूम रो गीत पर अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी। वहीं, किन्नौर के प्रसिद्ध लोक नृत्य की प्रस्तुति देते कलाकार आकर्षण का केंद्र बना रहा। पारंपरिक वेश भूषा में सजे कलाकारों ने प्रसिद्ध लोक संस्कृति को दिखाया।
25 टुकड़ियां परेड में शामिल
राज्यस्तरीय परेड में 25 टुकड़ियां शामिल हुईं। जिसमें 900 के करीब जवान और स्कूल कॉलेज के छात्र शामिल रहे। मार्च पास्ट में जम्मू कश्मीर पुलिस, उत्तराखंड पुलिस, सेना के जवान, सेवानिवृत्त जवान, हिमाचल पुलिस, स्थानीय पुलिस, महिला पुलिस, पोस्ट ऑफिस जवान, NSS, NCC, स्काउट एंड गाइड के छात्रों ने हिस्सा लिया।
सुखाश्रय योजना की दिखेगी झलक
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा चलाई जा रही सुखाश्रय योजना की झलक भी दिखेगी। जिसके तहत 101 करोड़ का सुखाश्रय कोष बनाकर विधवा, निराश्रित महिलाओं और बेसहारा बच्चों को आर्थिक मदद मिलेगी। इस कोष के जरिए बच्चों को हायर एजुकेशन के बाद उनकी चॉइस के हिसाब से इंजीनियरिंग, मेडिकल के स्पेशल कोर्स करवाए जाएंगे। ताकि भविष्य में इन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिले।
सुरक्षा के हैं पुख्ता इंतजाम
रिपब्लिक-डे के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। SP ऑफिस के ऑफिसर भी इस दौरान फील्ड में तैनात हैं। पुलिस के 350 से ज्यादा जवान स्पेशल ड्यूटी दे रहे हैं। इसके अलावा 2 ड्रोन कैमरा से रिज मैदान, स्कैंडल पॉइंट और मालरोड की निगरानी की जा रही है। हर आदमी को चेकिंग के बाद ही एंट्री दी गई।
देखें शिमला के रिज मैदान पर गणतंत्र दिवस से जुड़ी तस्वीरें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.