हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल कसौली के जंगल में आग बुझाते वक्त दो दमकल कर्मी समेत चार लोग बुरी तरह झुलस गए। इन्हें PGI चंडीगढ़ और मैक्स अस्पताल मोहाली में भर्ती किए 12 घंटे से अधिक वक्त बीत गया है, लेकिन अब तक कोई भी मंत्री, प्रशासनिक, वन और दमकल विभाग का अधिकारी इनकी सुध लेने अस्पताल नहीं पहुंचा है।
इससे आग में झुलसे कर्मियों के परिजनों और दमकल कर्मचारी यूनियन में रोष व्याप्त है। कसौली में आग में झुलसे फायर मेन महेंद्र शर्मा के भाई घनश्याम शर्मा ने बताया कि दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बड़े-बड़े लोगों की कोठियां और लाखों की वन संपदा जलने से बचाई, लेकिन अब कोई भी अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं आ रहा है। दोनों कर्मियों के मुंह, बाजू और टांगें आग में झुलस गई हैं।
उन्होंने बताया कि महेंद्र की पत्नी अपने छोटे-छोटे बच्चों को घर पर अकेले छोड़कर रात 10 बजे PGI पहुंचीं। कल से लेकर उपचार का सारा खर्च अपनी जेब से करना पड़ रहा है। भाई महेंद्र 30 प्रतिशत तक और दमकल विभाग का ड्राइवर जगदीश लगभग 40 प्रतिशत तक झुलस गया है। दोनों दमकल कर्मी गहरी पीड़ा में हैं, फिर भी कोई अधिकारी उनका हाल जानने नहीं आ रहा है।
फायर एसोसिएशन की अपील
हिमाचल प्रदेश फायर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने प्रशासन और दमकल विभाग से आग में झुलसे दमकल कर्मियों की मदद के लिए स्टाफ के कुछ कर्मचारी PGI में तैनात करने तथा वित्तीय मदद देने की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि दोनों कर्मचारी 30 से 40 प्रतिशत झुलस गए हैं। इसलिए उन्हें मदद की सख्त जरूरत है।
दो दमकल कर्मियों में समेत 4 झुलसे
कसौली में रविवार दोपहर के वक्त जंगल में लगी आग को बुझाते वक्त दो दमकल कर्मी और दो स्थानीय लोग झुलस गए थे। इनमें से एक स्थानीय निवासी की हालत ज्यादा गंभीर बनी हुई है। इसे देखते हुए गंभीर हालत वाले स्थानीय व्यक्ति को मोहाली के मैक्स अस्पताल शिफ्ट किया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.