हिमाचल में 3.52 लाख बच्चों को कोरोना वैक्सीन लगाने का लक्ष्य पूरा हो गया है। केंद्र के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने 15 से 18 साल के किशोरों का 15 जनवरी तक टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। स्वास्थ्य महकमे ने इस लक्ष्य को 15 जनवरी को बर्फबारी के बावजूद पूरा कर लिया है।
विभाग के मुताबिक, लक्ष्य से अधिक 3,72,299 बच्चों का टीकाकरण कर दिया गया है। राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 15 से 18 साल के 4 लाख से अधिक बच्चे हैं। सभी बच्चों का टीकाकरण करने का अभियान जारी है। इससे पहले 18 साल से अधिक आयु के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाने में हिमाचल को देशभर में अव्वल आंका जा चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मंडी में राज्य सरकार के 4 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में इसकी सराहना की थी। प्रदेश में 3 जनवरी से बच्चों के टीकाकरण को लेकर अभियान जारी है। जनवरी के पहले सप्ताह में 2797 स्कूलों में वैक्सीनेशन सेंटर बनाकर बच्चों का टीकाकरण किया गया है। अब शिक्षण संस्थान बंद होने के कारण पीएचसी में बच्चों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा रही है।
वैक्सीन लगाने को बर्फबारी में भी पहाड़ चढ़े कोरोना वॉरियर्स
कुछ दिन पहले हिमाचल प्रदेश के हेल्थ वर्कर्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें हेल्थ वर्कर्स बच्चों को वैक्सीन लगाने के लिए बर्फबारी के बीच दुर्गम पहाड़ी रास्तों से जाते नजर आए थे। इस वीडियो को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। केंद्रीय मंत्री ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा था, 'नदी, रेगिस्तान हो या बर्फ का तूफान, हमारी हेल्थ आर्मी लक्ष्य साधने को सदैव तत्पर। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में 15-18 आयुवर्ग के बच्चों का टीकाकरण करने जाते स्वास्थ्य कर्मी।'
जिलावार 15 से 18 साल के इतने बच्चों को लगी कोरोना वैक्सीन
जिला | बच्चों को लगी वैक्सीन |
बिलासपुर | 21328 |
चंबा | 28360 |
हमीरपुर | 26971 |
कांगड़ा | 86329 |
किन्नौर | 2779 |
कुल्लू | 23772 |
लाहौल स्पीति | 945 |
मंडी | 55470 |
शिमला | 33261 |
सिरमौर | 28960 |
सोलन | 32738 |
ऊना | 31386 |
कुल | 372299 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.