प्रदेश में शनिवार को एक लाेकसभा और तीन विधानसभा क्षेत्राें में हाे रहे उपचुनाव में 15 लाख 50 हजार से 552 मतदाता, 18 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मंडी लोकसभा सीट के साथ जुब्बल कोटखाई, फतेहपुर अर्की विधानसभा सीटों के उप चुनाव में मतदान होगा। वाेटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हाेगी जाे शाम चार बजे तक जारी रहेगी। अंत में काेराेना संक्रमित मतदाता वाेट डालेंगे। मतगणना 2 नवंबर को होगी। उप चुनाव काे लेकर प्रदेश में 2796 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। आठ जिलाें के 20 विधानसभा क्षेत्राें में मतदान होगा।
इसे सत्ता का सेमीफाइनल भी कहा जा रहा है जिसे लेकर राजनीतिक दलाें में खासा उत्साह है। अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र के 17 विधानसभा हलकों में मतदान होगा। इनमें 9 विधानसभा क्षेत्र मंडी जिला के हैं। इसके अलावा शिमला जिला का रामपुर, किन्नौर, लाहौल स्पीति, पांगी भरमौर और कुल्लू जिला का आनी, मनाली, बंजार, कुल्लू विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
इनके बीच हाेगा कड़ा मुकाबला
मंडी लोक सभा सीट पर होने वाले उप चुनाव में भाजपा के ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर व कांग्रेस की प्रतिभा सिंह के अलावा राष्ट्रीय लोक नीति पार्टी की अंबिका श्याम, हिमाचल जन क्रांति पार्टी के मुन्शी राम ठाकुर, निर्दलीय अनिल कुमार व सुभाष स्नेही चुनाव मैदान में हैं। जुब्बल कोटखाई में भाजपा की नीलम सरैइक, कांग्रेस के रोहित ठाकुर व निर्दलीय चेतन बरागटा व सुमन कदम के बीच मुकाबला है।
फतेहपुर मे भाजपा के बलदेव ठाकुर, कांग्रेस के भवानी सिंह, निर्दलीय डॉ. राजन सुशांत, हिमाचल जन क्रांति पार्टी के पंकज कुमार व निर्दलीय डॉ अशोक कुमार सोमल के मध्य मुकाबला होगा। अर्की विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के संजय अवस्थी, भाजपा के रतन सिंह पाल तथा निर्दलीय जीत राम चुनाव मैदान में हैं। उपचुनाव के मद्देनजर 36 मतदान केंद्रों को आदर्श मतदान केंद्र घोषित किया गया है। इनमें चंबा जिला में 2, कांगड़ा एक, लाहौल स्पीति 3, कुल्लू 5, मंडी 18, अर्की दो, जुब्बल कोटखाई 2 तथा किन्नौर के तीन मतदान केंद्र शामिल हैं।
कहां कितने वाेटर: मंडी संसदीय क्षेत्र में छह लाख 47 हजार से ज्यादा पुरुष और छह लाख 38 हजार से अधिक महिला मतदाता अपना वाेट डालेंगी। 5 थर्ड जेंडर मतदाता भी इस संसदीय क्षेत्र में मतदान करेंगे। इसी तरह फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में 141 मतदान केंद्र हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव में 87 हजार 201 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। फतेहपुर में 43 हजार 258 पुरुष व 42 हजार 527 महिला मतदाता पंजीकृत हैं।
जुब्बल कोटखाई विधान सभा क्षेत्र में 136 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इन मतदान केंद्रों में 70 हजार 939 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेगे। जुब्बल कोटखाई में 35163 पुरुष और 35603 महिला मतदाता हैं। अर्की विधान सभा क्षेत्र में 132 मतदान केंद्र हैं। साथ ही 22 सहायक मतदान केंद्र भी इस चुनाव क्षेत्र में हैं। उप चुनाव में अर्की में 92555 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 46463 पुरुष व 45373 महिला मतदाता शामिल हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.