हिमाचल में दिवाली के त्योहारी दिन शुरू हो गए है। रामपुर में धनतेरस और दीपावली पर्व के लिए शनिवार को शुभ मुहूर्त में लोगों ने जमकर सोना-चांदी और बर्तन सहित अन्य सामानों की खरीदारी की। खरीदारी करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। खासकर ज्वेलरी शॉप और बर्तन बाजार में इस सीजन में रौनक लौट आई है और दुकानों में काफी भीड़ देखने को मिली।
धनतेरस और दीपावली पर्व पर शुभ मुहूर्त पर लोग सोने और चांदी के आभूषणों सहित बर्तनों की खरीदारी करते हैं। शनिवार को ग्रामीण क्षेत्रों से लोग सुबह से ही खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे। लोगों ने सोना-चांदी और बर्तन खरीदे। कारोबार अच्छा होने से व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे।
वहीं ग्रामीणों ने धनतेरस पर्व पर टीवी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज और मोबाइल सहित अन्य सामान जमकर खरीदा। व्यापारियों द्वारा भी ग्राहकों को अच्छी खासी छूट दी जा रही है। इसके चलते ग्रामीणों ने भी छूट का खूब फायदा उठाया।
सतीश, आशा, प्रवीण, सपना, सुभाष, अनू, यशवंत शर्मा, नरेंद्र, शेर सिंह, उत्तम और पार्वती नेगी ने कहा कि धनतेरस और दीपावली पर्व पर वह हर वर्ष खरीदारी करते हैं।
कारोबार अच्छा होने की उम्मीद - कारोबारी
भगवती ज्वेलर्स के संचालक राहुल सोनी, मनोज सोनी और विजय सोनी सहित अन्य कारोबारियों ने कहा कि धनतेरस पर सोना-चांदी के आभूषणों की काफी खरीदारी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दीपावली पर्व पर और भी ज्यादा कारोबार होगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.