हिमाचल के शिमला स्थित रामपुर विधानसभा क्षेत्र की तीन पंचायतों में भाजपा प्रत्याशी कौल नेगी ने जनसंपर्क अभियान को और तेज कर दिया है। इसके तहत शुक्रवार को रामपुर की पंचायत काशापाठ पहुंचने पर ग्रामीणों ने भाजपा प्रत्याशी कौल सिंह का जगह-2 ढ़ोल-नगाड़ों व फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
कौल सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें जनता एक बार मौका दे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह भविष्य में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कड़ी मेहनत कर दिन रात एक करेंगे। इसके साथ उन्होंने कहा कि वह दुर्गम क्षेत्रों की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाने के लिए वचनबद्ध हैं। सभी के सहयोग व आशीर्वाद के साथ मिलकर क्षेत्र को विकास की नई बुलंदियों पर पहुंचाएंगे।
इन गांवों में किया जनसंपर्क
शुक्रवार को कौल ने रामपुर की पंचायत काशापाठ के पाठसारी, दामनी, कांडी, काशा छलटा, शरणाल, पंचायत मुनीश के मुनीश, बाहली, जोगनी उरमन, थड़ा,जथल, बरकल व पंचायत देवठी के मतैना, अनु राक्षी, करेरी, बरकल में गांव-2 जाकर जनता से अपने पक्ष में भारी मतदान करने की अपील की।
लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि
कौल सिंह ने कहा लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है। आमजन के आशीर्वाद वह इस बार विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा लोगों ने अब रामपुर में कमल खिलाने का संकल्प ले लिया है। इस दौरान काशापाठ के उप प्रधान पन्ना लाल ने भाजपा की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर भाजपा प्रत्याशी कौल नेगी की उपस्थिति में भाजपा का दामन थामा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.