रामपुर में 76851 लोग करेंगे मतदान:12 नवंबर को 5 प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला होगा; 153 पोलिंग बूथों में से 2 अति संवेदनशील

रामपुर7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की रामपुर विधानसभा में प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होने के बाद निर्वाचन आयोग भी मतदान संबंधी तैयारियों में जुट गया है। सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। 12 नवंबर को क्षेत्र के 76851 लोग वोट डालेंगे। इसमें 39587 पुरूष और 37264 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं 5 प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला होगा।

कुल 153 पोलिंग बूथ बनाए गए

सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं SDM रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल गर्माया हुआ है। गली, मोहल्ले, गांव और शहर में चुनाव और मतदान को लेकर लोगों में खासी रूचि देखी जा रही है। इस बार विस क्षेत्र में मतदान के लिए कुल 153 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

सुरेंद्र मोहन ने बताया कि इन बूथों में 2 अति संवेदनशील पोलिंग बूथ पशाडा, गोपालपुर में हैं। ननखड़ी, रचोली संवेदनशील पोलिंग बूथ हैं। 12 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान किया जा सकेगा। 8 दिसंबर को चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। मतदान संबंधी सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं।

कुल 9 लोगों ने चुनाव नामांकन भरे थे

SDM सुरेंद्र मोहन ने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र से इस बार 9 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भरे थे। इनमें से 5 निर्दलीय नामांकन थे। इन 5 में से भी 4 नामांकन वापस ले लिए गए हैं। अब रामपुर के चुनावी रण में एक निर्दलीय समेत 5 प्रत्याशी उतरे हैं और कांटे की टक्कर है।

SDM ने बताया कि 5 प्रत्याशियों में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दलों के 3 प्रत्याशी कौल सिंह नेगी भाजपा, नंद लाल इंडियन नेशनल कांग्रेस और देश राज बहुजन समाज पार्टी से हैं। इसके अलावा उदय सिंह डोगरा आम आदमी पार्टी से चुनावी मैदान में उतरे हैं और प्रीतम देव निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

खबरें और भी हैं...