भाजपा सरकार में रोहड़ू विकास में पिछड़ा:सुजय अग्रवाल बोले- विधानसभा की अनदेखी से लोगों में रोष

रोहड़ू7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
रोहड़ू में प्रेसवार्ता करते कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रदेश समन्वयक सुजय अग्रवाल। - Dainik Bhaskar
रोहड़ू में प्रेसवार्ता करते कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रदेश समन्वयक सुजय अग्रवाल।

हिमाचल के शिमला स्थित रोहड़ू में कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया के प्रदेश समन्वयक सुजय अग्रवाल ने कहा कि लोगों का समर्थन लगातार देखने को मिल रहा है। रोहड़ू की आम जनता का भाजपा सरकार के प्रति भारी रोष है। रोहड़ू विधानसभा के हर गांव में युकां, NSUI व सभी संगठनों के कार्यकर्ता ने प्रचार अभियान जोरों से चलाया है।

मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर सुजय अग्रवाल ने कहा कि रोहड़ू में भाजपा अब जनता के रुख को समझ गई है। जिसके बाद भाजपा अब जन बल छोड़ धन बल का सहारा ले सकती है, लेकिन रोहड़ू की जनता स्वाभामानी है। वह ऐसे किसी भी प्रकार के प्रलोभन से भलीभांति परिचित है।

सुजय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के 5 सालों में रोहड़ू विकास की दृष्टि से पूरी तरह पिछड़ा है। यहां नए विकास कार्य तो दूर कांग्रेस सरकार के पिछले कार्यकाल में शुरू हुए वित्त पोषित ग्रामीण सड़कों व भवनों के कार्य पूरे नहीं हो सके हैं। जिससे लोगों में भाजपा सरकार के प्रति भारी रोष व्याप्त है।

रोहड़ू में विकास कार्यों के पूरे नहीं होने के पीछे यहां से भाजपा संगठन का नेतृत्व का तानाशाही रवैया इसका कारण रहा है। जिसको लेकर उनके ही पार्टी के लोग आज खुलकर उनकी पोल खोल रहे हैं। इस अवसर पर रोहड़ू सोशल मीडिया प्रभारी हैप्पी मेहता व अन्य भी मौजूद रहे।