हिमाचल के सिरमौर स्थित शिलाई के रोनहाट में उद्योग, संसदीय कार्य और आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उद्योग मंत्री ने कहा कि मिशन रिपीट का भाजपा का सपना टूट गया। उप चुनाव में भाजपा सत्ता में रहते हुए भी चारों सीटें हारी, यह प्रदेश विधानसभा चुनाव का सेमिफाईनल था और यहीं से कांग्रेस सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया था।
यह चुनाव सत्ता परिवर्तन और ईमानदारी की जीत का चुनाव था। उन्होंने कहा कि हिमाचल के बाद अब देश में भी सत्ता का परिर्वतन होगा।
उन्होंने कहा कि हाटी का मुद्दा हो या फिर डराना-धमकाना, भाजपा ने सभी हथकंडे अपनाए, लेकिन जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। उन्होंने कहा कि हाटी का मुद्दा अब कहां गया, क्या यहां के लोगों को ST का दर्जा मिल गया। यह सब महज वोट की राजनीति थी, लेकिन इसमें भाजपा को कामयाबी नहीं मिली। कहा कि भाजपा ने पैसे देकर वोट खरीदने के प्रयास किए, राजनीति का स्तर कभी इतना नहीं गिरा।
भाजपा राज में भ्रष्टाचार को मिला बढ़ावा
उद्योग मंत्री ने कहा कि पिछले 5 सालों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला, समाज में इस प्रकार की सोच और व्यवस्था को बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजनीति में सेवा करने की भावना से आना चाहिए, न कि पैसा कमाने के लिए। ऐसी व्यवस्था परिर्वतन की आज जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू साधारण परिवार से हैं और ईमानदार नेता हैं। जिनके नेतृत्व का लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा।
भाजपा की सभी साजिशें हुईं नाकाम
उन्होंने कहा कि बड़ी साजिशों के बाद भी उन्हें हरा नहीं पाए, इसके लिए उन्होंने क्षेत्र के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह समर्पण भाव से क्षेत्र की जनता की सेवा करेंगे। शिलाई कांग्रेस समिति अध्यक्ष सीता राम शर्मा, उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी हरी राम शास्त्री तथा रणजीत सिंह नेगी ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.