हिमाचल में सिरमौर के नाहन ब्लॉक के तहत आने वाले पालियों-त्रिलोकपुर मार्ग को ग्रामीणों ने खोल दिया है। कई दिनों से इस मार्ग पर गांव भुड्डियों के पास करीब 100 मीटर के हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद के कारण यह मार्ग बंद कर दिया गया था।
PWD के अधिकारियों की ग्रामीणों के साथ हुई मीटिंग के बाद विवादित जगह की निशानदेही करवाई गई। निशानदेही में यह मार्ग शामलात भूमि में निकला। अब ग्रामीणों ने शामलात भूमि से होकर निकलने वाले पुराने मार्ग को ही आवागमन के लिए खोल दिया है।
विवाद के चलते पहले ग्रामीणों द्वारा गांव की गली से होकर वाहनों के आवागमन की सहमति जताई गई थी। मगर इस मार्ग पर ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण 17 जनवरी को ग्रामीणों द्वारा गांव का यह मार्ग भी बंद कर दिया गया था।
काला अंब जाने के लिए शॉर्टकट
सड़क बंद होने से क्षेत्र की पालियों, बर्मा पापड़ी, कोलावाला भूड़, क्यारी व सुरला पंचायतों के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। यह मार्ग औद्योगिक क्षेत्र काला अंब की ओर जाने के लिए शॉर्टकट है। मजदूरी करने के लिए औद्योगिक क्षेत्र काला अंब में जाने वाले क्षेत्र के हजारों लोग इस रास्ते से ही रोजाना आते जाते हैं।
निशानदेही के बाद खत्म हुआ विवाद
लोक निर्माण विभाग के SDO बीएस राणा ने बताया कि ग्रामीणों के साथ बैठक के दौरान रेवेन्यू डिपार्टमेंट द्वारा विवादित स्थान की निशानदेही की गई थी। निशानदेही में ग्रामीण भी मौजूद रहे। निशानदेही में विवादित सड़क का हिस्सा शामलात भूमि में पाया गया। अब ग्रामीणों द्वारा स्वयं सड़क को यातायात के लिए खोला गया है। ग्रामीणों से सड़क में आने वाली करीब 2 बीघा जमीन की गिफ्ट डीड करने के लिए कहा गया है। गिफ्ट डीड होते ही यहां पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.