अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नाहन इकाई ने सोमवार को डॉ. वाईएस परमार डिग्री कॉलेज में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ABVP पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर परीक्षा परिणाम में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया।
ABVP पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। ABVP के इकाई अध्यक्ष शुभम राणा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन की स्थिति दयनीय है। विश्वविद्यालय में न ही परीक्षा परिणाम समय पर आते हैं और न ही ठीक परिणाम आते हैं।
जो छात्र अन्य परीक्षाओं को प्रथम श्रेणी में पास कर रहे हैं, उनको एक परीक्षा में 5-5 अंक दिए जा रहे हैं। यह विश्वविद्यालय द्वारा बरती जा रही अनियमितताओं को दर्शा रहा है। ABVP कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करके हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षाओं का पुनर्मूल्यांकन करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पुनर्मिलान करके छात्रों का परीक्षा परिणाम जल्द जारी किया जाए। इकाई मंत्री पारस ठाकुर ने बताया कि समय-समय पर विद्यार्थी परिषद छात्रों की मांगों को लेकर आन्दोलनरत रही है। भविष्य में भी छात्रों की समस्याओं को उठाया जाएगा। इस दौरान दिवांशु, दीक्षित, साक्षी, अजय, मनीष बिरसान्टा, अभिषेक, विशाल, स्वपनिल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.