हिमाचल में सिरमौर के पांवटा साहिब में यमुना नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मरने वाले की पहचान 23 वर्षीय प्रभजोत सिंह के रूप में हुई। वह लुधियाना में सीएमसी चौक के पास फतेहगंज का रहने वाला था। प्रभजोत सिंह परिवार के साथ पांवटा साहिब गुरुद्वारे में माथा टेकने आया था।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को पंजाब से 7 सदस्यों का एक परिवार पांवटा साहिब गुरुद्वारे में आया। वहां शीश नवाने के बाद परिवार यमुना घाट पर नहाने चला गया। इस बीच युवक गहरे पानी में चला गया और भंवर में फंसकर डूब गया। उसके साथ परिवार के दो अन्य सदस्य भी गहरे पानी में चले गए थे, लेकिन उन्होंने किसी तरह खुद को बचा लिया।
युवक के डूबने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया। इसके बाद गोताखोरों और स्थानीय युवाओं ने सर्च ऑपरेशन चलाया। थोड़ी देर बार युवक मिल गया। उसे तुरंत पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.