हिमाचल प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग के अध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रवक्ता आइएन मेहता ने कहा कि देश की मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर आतुर है। ED का दुरुपयोग कर एक तरफ जहां राहुल गांधी को प्रताड़ित किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ अग्निवीर योजना लाकर युवाओं को धोखा दिया है। कहा कि 2015 में जिस मामले में ED ने स्वयं राहुल को क्लीन चिट दी गई थी। आज उसी मामले में पूछताछ की जा रही है।
कांग्रेस के विधि विभाग अध्यक्ष मेहता ने शनिवार को नाहन में प्रेसवार्ता कर कहा कि सरकार विरोध करने वालों के ऊपर झूठे मुकदमे भी लगा सकती है। इसलिए प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग यह ऐलान करता है कि किसी भी युवा पर इस मामले में झूठा मुकदमा बनाया जाता है तो उसको निशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि देश में जब भी कहीं चुनाव आते हैं तो भाजपा सरकार एनफोर्समेंट एजेंसियों का विपक्ष के खिलाफ असंवैधानिक रूप से इस्तेमाल करती है। जिसे पार्टी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस द्वारा देश व प्रदेश में व्यापक आंदोलन चलाकर लोकतंत्र की हत्या करने से बचाया जाएगा।
उन्होंने भाजपा की जयराम सरकार पर भी निशाना साधा। कहा कि प्रदेश में बीते 4 वर्षों में अगर कुछ हुआ है तो वो है एक से बढ़कर एक घोटाले। भाजपा सरकार ने कोरोना जैसी आपदा के दौरान देश का सबसे बड़ा स्वास्थ्य घोटाला, छात्रवृत्ति घोटाला तथा पुलिस भर्ती में प्रश्न पत्र बेचे जाने जैसे अनेकों घोटाले किए हैं। पुलिस भर्ती मामले में एक बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार के पास सबोर्डिनेट कमिशन है तो पुलिस के द्वारा पेपर क्यों बनवाए गए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.