हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव नामांकन वापसी आज हो जाएगी और साथ ही प्रत्याशियों की संख्या फाइनल हो जाएगी। इसके बाद 30 अक्टूबर से भाजपा के स्टार प्रचारक मैदान में उतर जाएंगे। 30 अक्टूबर को हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जनसभाएं हो रही हैं।
सोलन जिले में कंडाघाट में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की रैली हो रही है। कल ही कसौली विधानसभा क्षेत्र के परवाणू में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की जनसभा होगी। इसी तरह अर्की में प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष रशीमधर सूद मोर्चा संभालेंगी।
सोलन जिला की सभी 5 सीटों पर इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस बार चुनाव में आम आदमी पार्टी भी चुनौती देने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक 3 सीटों पर मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच होता दिख रहा है। यदि नालागढ़ में भाजपा के बागी उम्मीदवार बने रहते हैं तो अर्की सीट के साथ वहां भी तिकोना मुकाबला होना तय है।
भाजपा इस बार हिमाचल में रिवाज बदलने यानी बारी-बारी अलग-अलग पार्टी की सरकार की परंपरा को बदलने के नारे के साथ चुनाव लड़ रही है। मिशन रिपीट को कामयाब बनाने के लिए पार्टी ने अपने स्तर पर जिताऊ उम्मीदवार खोजने को कई सर्वे करवाए। इसी को देखते हुए कांग्रेस से जीतने की क्षमता रखने वालों को तोड़ा और चुनाव टिकट दिए।
कल से प्रचार में ताकत झोंकेगी भाजपा
भाजपा 30 अक्टूबर से चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकने वाली है। कल केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सोलन सीट से भाजपा के प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप के पक्ष में कंडाघाट में जनसभा करेंगे। कसौली से पार्टी के उम्मीदवार डॉ. राजीव सैजल के पक्ष में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की जनसभा परवाणू में करवाई जा रही है।
इसके बाद 5 नवंबर को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी रैली होने वाली है। इसमें शिमला संसदीय सीट के 17 विधानसभा क्षेत्रों के लोग शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी की रैली की तैयारियों में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की रैली भी सोलन जिला में करवाने की तैयारी भाजपा कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.