सोलन मंडी में मटर के रेट में उछाल:38 रुपए थोक में बिका; ब्रोकली के दामों में भी बढ़ोतरी, 5 राज्यों में पहाड़ी सब्जियों की डिमांड

सोलन3 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
सोलन की सब्जी मंडी में आया पहाड़ी मटर। - Dainik Bhaskar
सोलन की सब्जी मंडी में आया पहाड़ी मटर।

हिमाचल प्रदेश की सोलन सब्जी मंडी में पहाड़ी मटर के रेटों में उछाल आ गया है। ऐसा बाहरी राज्यों में पहाड़ी मटर की डिमांड बढ़ने से हुआ है। सोमवार को पहाड़ी मटर 35 से 38 रुपए तक थोक भाव में बिका।

इन दिनों मंडी के चैल चौक, सिरमौर और सोलन के आसपास के एरिया से मटर सब्जी मंडी पहुंच रहा है, जिसे अच्छे रेट मिल रहे हैं। सब्जी मंडी के कारोबारियों के मुताबिक, इन दिनों मुंबई, गुजरात, दिल्ली की मंडियों से पहाड़ी मटर की डिमांड आ रही है। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में भी पहाड़ी मटर जा रहा है।

मटर को इस सीजन में मिले अच्छे रेट
इस सीजन में कुछ दिनों को छोड़कर पहाड़ी मटर छाया रहा। खासकर, मंडी के चैल चौक से आ रहे मटर को लगातार अच्छे रेट मिल रहे हैं। पिछले दिनों पहाड़ी मटर के रेट 20 रुपए तक भी गिरे, लेकिन अब आमद बढ़ने के बावजूद इसके रेट लगातार बढ़ रहे हैं। पहाड़ी मटर क्वालिटी और स्वाद में अच्छा माना जाता है, जिससे इसकी डिमांड रहती है।

ब्रोकली के रेट भी बढ़े
इस सीजन में हरियाणा से ज्यादा आमद की वजह से ब्रोकली के रेट में भारी गिरावट रही। ब्रोकली का रेट ज्यादातर 10 से 15 रुपए प्रति किलो के बीच ही रहा है, लेकिन अब बाहर से आमद कम होने से लोकल ब्रोकली उछाल के साथ 25 रुपए थोक भाव में बिकी। इसी तरह अच्छी क्वालिटी की फूलगोभी को भी अब ठीक रेट मिल रहा है।

यह रहे आज के रेट
सोलन मंडी के कारोबारी अमर ठाकुर ने कहा कि पहाड़ी मटर की बाहरी राज्यों में डिमांड बढ़ी है। इसी कारण इसके रेट भी बढ़ रहे हैं। सोमवार को मंडी में शिमला मिर्च 40 रुपए, बैंगन, 28 रुपए, लहसुन 80 रुपए, करेला 80, भिंडी 60 रुपए, फ्रांसबीन 60 रुपए प्रति किलो, टमाटर 400 रुपए प्रति क्रेट थोक में बिका। लोकल फूलगोभी 12 से 15 रुपए, मशरूम 150 रुपए, ब्रोकली 18 रुपए, पहाड़ी मटर 35 से 38 रुपए प्रति किलो तक बिका।

खबरें और भी हैं...