नशीला पदार्थ खिलाकर नेपाली भाइयों से लूट:रोहड़ू से नेपाल जाने के लिए निकले, महिला-पुरुष ने सोलन से सीधी बस मिलने का दिया झांसा

सोलन4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
प्रतीकात्मक फोटो।

हिमाचल के सोलन में नेपाली मूल के दो सगे भाइयों से नशीला पदार्थ खिलाकर अज्ञात लोगों ने लूट की। इनमें से एक रबोन के पास शनिवार सुबह झाड़ियों में मिला। जबकि दूसरा स्वयं पुलिस के पास पहुंचा। लुटेरे दोनों भाइयों से 11 हजार रुपए और सामान लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक नेपाली मूल के यह दोनों लोग रोहड़ू से अपने घर नेपाल को बस से निकले थे। शुक्रवार रात को सोलन पहुंचने पर उनके साथ यह लूट की वारदात पेश आई। पीड़ित व्यक्ति प्रेम राज ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई अशोक के साथ था। उन्हें शिमला में एक महिला और एक पुरुष मिले थे, जिन्होंने उनसे दोस्ती करनी शुरू कर दी। उन दोनों ने कहा कि सोलन से नेपाल के लिए सीधी बस मिल जाएगी।

चारों ने एक साथ खाया था खाना
इस पर वे दोनों भाई सोलन जाने वाली बस में बैठ गए और रात के समय सोलन पहुंचे। उसने बताया कि चारों ने एक साथ खाना खाया। इसी दौरान उन्हें कोई नशीला पदार्थ खिला दिया गया। खाना खाने के बाद वह पैदल ही चलने लगे, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद बेहोश होकर गिर गए। प्रेम राज ने बताया कि सुबह जब उन्हें होश आया तो अपने आपको सड़क किनारे झाड़ियों में पाया।

बहन को फोन कर दी घटना की जानकारी
इस पर उसने अपनी बहन को फोन किया, जो सोलन के धर्मपुर के पास रहती है। फिर वह बहन के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इससे पहले भी घर लौट रहे नेपाली मजदूरों से सोलंकी बढ़ो धर्मपुर क्षेत्र में इसी तरह की लूट की वारदातें हुई हैं।