हिमाचल के सोलन स्थित कसौली के साथ लगते गढ़खल में एक प्रवासी की फूड पॉइजनिंग से मौत हो गई। उसके 3 अन्य साथी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। मृतक नजाकत हरियाणा का रहने वाला है। जबकि बाकी 3 बिहार राज्य के हैं, जो यहां पर कारपेंटर का काम करते थे। नजाकत 20 मार्च को ही यहां काम के लिए आया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पहले एक की बिगड़ी तबीयत, फिर सभी बीमार
जानकारी के अनुसार मंगलवार को गढ़खल में काम करने वाले 4 प्रवासी सब्जी की दुकान से मशरूम, फूलगोभी और आलू लेकर गए। शाम को इसकी सब्जी बनाकर चावल के साथ खाई। इससे पहले दिन के समय आलू-चने की सब्जी चपाती के साथ खाई। रात को करीब एक बजे इनमें से एक की तबीयत खराब हो गई और उल्टियां होने लगीं। इसके बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई।
अन्य तीन साथी क्षेत्रीय अस्पताल सोलन रेफर
उन्होंने इसकी सूचना अपने मालिक हरिकृष्ण को दी, जिसने इन चारों को CHC धर्मपुर में भर्ती कराया। यहां पर इलाज के दौरान 35 साल के नजाकत निवासी मकान नंबर 384 नजदीक शीतला माता मंदिर गांव सुकेत्री पंचकूला (हरियाणा) की मौत हो गई। जबकि बिहार राज्य के तीन अन्य लोग वीरेंद्र शर्मा, नितेश शर्मा व अमरनाथ को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन रेफर किया गया है।
सोलन से मरीज PGI चंडीगढ़ रेफर
DSP परवाणू प्रणव चौहान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अभी पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोलन अस्पताल के MS डॉ. एसएल वर्मा ने कहा कि धर्मपुर से मशरूम पॉइजनिंग के मामले यहां लाए गए थे। उन्हें यहां प्रारंभिक उपचार दिया गया। हालत स्थिर होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए मरीजों को PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.