हिमाचल के सोलन शहर और आसपास के क्षेत्र रात को तेज बारिश और हवा चलने से फिर शीत लहर की चपेट में हैं। बुधवार सुबह के समय कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी भी कम हुई है। आज दिन में भी बारिश होने की पूरी संभावना है। सुबह से सोलन में पूरी तरह बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज भी सोलन जिला में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे ठंड और बढ़ेगी। नौणी यूनिवर्सिटी के पर्यावरण विज्ञान विभाग की एडवाइजरी के अनुसार 26 जनवरी को भी मौसम खराब रहेगा। 27 और 28 जनवरी को जिला में मौसम साफ रहने का अनुमान है, धूप निकलने से लोगों को शीतलहर से राहत मिलेगी। जिला में न्यूनतम तापमान 1 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है।
हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। ठंडी हवाएं सोलन के मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड पहुंचा रही हैं। ठंड से बचने के लिए लोगों को दिन में भी आग का सहारा लेना पड़ रहा है।
फसलों के लिए लाभदायक
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार लंबे चले ड्राईस्पेल के बाद यह बारिश फसलों के लिए लाभदायक है। इससे जिला में पहले से बिजी गई रबी की फसलों की ग्रोथ होगी। साथ ही नमी होने पर खाली खेतों में भी फसल की बुआई कर पाएंगे। खासकर, सेब के पौधों को चिलिंग के लिए बारिश व बर्फबारी बहुत जरूरी है।
बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी
पर्यावरण विज्ञान विभाग के HOD डॉ. SK भारद्वाज ने कहा कि बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी हुई है। किसान इस समय सिंचाई का शेड्यूल स्थगित कर दें। खेतों में पानी की निकासी का प्रबंध करें। मौसम खुलने पर सेब के पौधों की कटाई-छंटाई का काम करें।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.