हिमाचल के सोलन स्थित परवाणू के साथ लगती नारायणी प्राथा पंचायत में भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे फिट इंडिया वीक के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय नारायणी खंड धर्मपुर में 26 नवंबर तक यह सप्ताह मनाया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को मुख्य अध्यापिका मोनिका ठाकुर व स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान रतन सिंह द्वारा किया गया।
फिट इंडिया सप्ताह के पहले दिन का आगाज विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों से किया गया। जिनमें बॉलीबॉल, कबड्डी, खोखो व दौड़ आदि शामिल हैं। फिट इंडिया सप्ताह की आगामी गतिविधियों में योगाभ्यास प्रश्नोत्तरी, चित्रकला व भाषण जैसी कई प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
इस अवसर पर राजकीय उच्च विद्यालय नारायणी के शारीरिक प्रशिक्षक अशोक अत्री ने जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि इस तरह की खेल व कला गतिविधियों का उद्देश्य छात्रों को विभिन्न शारीरिक व मानसिक गतिविधियों में शामिल करना है। जो उनके सीखने पर सकारात्मक प्रभाव डालेगा। इस दौरान स्कूल के सभी उत्साहित बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा दिखाई।
जिसमें तेजप्रकाश, पल्लवी, मानस, मुस्कान व विनय ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा बिट्टू, भजन व भावना ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान SMC प्रधान श्याम लाल शर्मा, वंदना शर्मा, आरती वशिष्ठ, सुनीता देवी, तजिंदर पाल सिंह, कमल कृष्ण व ऊषा देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.