हिमाचल के ऊना स्थित चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत अंब के महाराणा प्रताप कॉलेज व सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंब में दो पिंक बूथ बनाए गए हैं। जबकि, नगर पंचायत कार्यालय में PWD कर्मचारियों का बूथ बनाया गया है। पिंक बूथ पर सभी महिला कर्मचारी ही चुनावी ड्यूटी को पूरा करेंगी। जबकि, PWD बूथ पर पर्सन विद डिसेबिलिटी कर्मचारी चुनावी ड्यूटी देंगे।
RO व SDM अंब डॉ. मदन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को चुनावी प्रक्रिया की मुख्य धारा में लाना है। सरकार चाहती है कि इन लोगों के आत्मविश्वास को बूस्ट अप किया जा सके कि यह लोग भी चुनावी प्रक्रिया में सफलतापूर्वक अपनी भूमिका निभा सकते हैं। वहीं, दूसरी तरफ उन्होंने पूरे विस क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए 102 पोलिंग टीमों को रवाना कर दिया।
612 कर्मचारी कराएंगे चुनाव
डॉ. मदन कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के 102 पोलिंग स्टेशन पर 612 कर्मचारी चुनावी प्रक्रिया को संपन्न कराएंगे। उन्होंने बताया कि इन सभी कर्मचारियों को EVM मशीन के साथ अन्य चुनाव सामग्री वितरित की गई है। इन लोगों को HRTC की 17 बसों के जरिए इनके गंतव्य की तरफ रवाना किया गया है।
उन्होंने बताया कि चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारी को अलग-अलग तीन सेशन में ट्रेनिंग दी गई है। उन्हें चुनाव आयोग के सभी निर्देशों का पालन करने की पूरी जानकारी भी दी गई है। उन्होंने बताया कि इन कर्मचारियों की सहायता के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट चुनाव के दौरान सभी पोलिंग स्टेशनों पर दौरा करते रहेंगे।
बच्चों के लिए बनाया गया क्रेच
पिंक पोलिंग स्टेशन पर बच्चों के साथ मतदान करने आने वाली महिलाओं का भी खास ख्याल रखा गया है। बूथ के साथ-साथ बच्चों को खेलने के लिए क्रेच (शिशु गृह) भी बनाया गया है। यहीं पर बैठकर महिलाएं अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगी। उनके बच्चे खिलौने के साथ खेलकर अपना टाइम पास कर सकेंगे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.