हिमाचल के ऊना विधायक सतपाल रायजादा ने शहर के वार्ड-1 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जिसकी अध्यक्षता शहरी इकाई अध्यक्ष राजेश पुरी ने की। बैठक के दौरान विधायक ने जनसमस्याओं को सुना और मौके पर निपटारा कर दिया। साथ ही युवाओं को खेल किट पर प्रदान की।
सतपाल रायजादा ने कहा कि भाजपा सरकार हर फ्रंट पर असफल रही है। कहा कि अपनी हार को देखकर भाजपा के नेता बौखला गए हैं। लोगों को सरेआम धमकाने का काम शुरू कर दिया है। उनका आरोप है कि इसके लिए भाजपा समर्थित पंचायत प्रतिनिधियों व स्थानीय निकायों के पार्षदों की ड्यूटी लगाई गई है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि चुनाव के समय सभी राजनीतिक दल लोगों को घर द्वार पर अपनी योजनाएं बता पक्ष में मतदान करने की अपील करते हैं। वहीं, भाजपा के नेता सरेआम गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। घर द्वार पर जाकर लोगों को धमकियां देने में व्यस्त हैं। लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद करने की धमकियां देकर जबरन भाजपा के पक्ष में करने का प्रयास किया जा रहा है।
कहा कि भाजपा को विधानसभा चुनाव में जमीनी हकीकत का पता चल जाएगा। सतपाल रायजादा ने कहा कि भाजपा नेता हार देखकर बौखला चुके हैं और गीदड़ भभकी देने का काम कर रहे हैं। कहा कि कार्यकर्ता BJP नेताओं की धमकियों से डरे नहीं, बल्कि कांग्रेस के साथ चट्टान की तरह खड़े रहें। विधायक ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है।
हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनते ही लोगों को धमकाने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में पूर्व पार्षद सलिंद्र पाल छिंदू, राघव पुरी, मास्टर किरपाल सिंह, कश्मीर सिंह, जोगिंद्र चौधरी, सुरेंद्रपाल सैणी, गुरमेल सिंह, सतनाम सिंह, मास्टर रमेश चंद, हैप्पी संधू, कमला देवी, कांता देवी, हैप्पी, सोनू देवी, सोमा देवी, रशपाल सिंह, बलकार, सुखवंत, धर्मेंद्र, धर्मचंद, दर्शन सिंह, करनैल सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.