हिमाचल की ऊना विधानसभा में आए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंद्र राजा वड़िंग ने मैहतपुर बसदेहड़ा की जनसभा में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा देश में नया इंकलाब खड़ा करेगी। कहा कि हिमाचल में जयराम ठाकुर को चुनाव में क्या हुआ, पता नहीं चलेगा। उसी तरह नरेंद्र मोदी के साथ भी देश में ऐसा ही होने वाला है। यात्रा से कांग्रेस देश में मजबूत हो रही है।
राजा वड़िंग ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। कहा कि जो व्यक्ति अपनी आवाज बुलंद करता है, उसके पीछे BJP ED व CBI लगा देती है। कहा कि अगर राहुल गांधी चाहते तो जब 10 साल UPA की सरकार रही, तब प्रधानमंत्री बन सकते थे। कहा कि मैंने राहुल गांधी को बहुत नजदीक से देखा है। जिनकी इच्छा न मंत्री और न ही पीएम बनने की है।
दबे-कुचलनों की लड़ाई लड़ना चाहते हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी देश के गरीबों और दबे कुचलों की लड़ाई लड़ना चाहते हैं। जिन्हें न ED और न ही RSS दबा सकती है। कहा कि कांग्रेस पार्टी का बड़ा इतिहास है। सोनिया गांधी ने खुद PM का ओहदा छोड़कर दो बार डॉ. मनमोहन सिंह को देश का प्रधानमंत्री बनाया।
राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक सोच और विचार है। कहा कि सोच और विचार कभी मरते नहीं हैं। आज कुछ राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं। देश में आज झूठ का बोलवाला है। जनता को मूर्ख बनाया जा रहा है। बड़े-बड़े चैनल भाजपा ने खरीदे हुए हैं। सत्ताधारी लोग वही दिखाते हैं, जो उन्हें अच्छा लगता है। कहा कि देश में 70 सालों में कांग्रेस ने बहुत कुछ किया है।
70 सालों में नहीं बढ़ने दिया गैस सिलेंडर
जब देश आजाद हुआ, तब सूई तक नहीं बनती थी। आज देश में जहाज बन रहे हैं, IIT और कॉलेज हैं। भाखड़ा डैम भी कांग्रेस के समय में बना है। राजा वड़िंग ने कहा कि अगर कांग्रेस ने 70 साल राज किया तो गैस सिलेंडर साढ़े 300 रुपए से बढ़ने नहीं दिया, लेकिन भाजपा के 8 साल के शासन में गैस सिलेंडर का रेट साढ़े 1100 रुपए हो गया है।
जयराम ठाकुर रबड़-स्टांप CM साबित हुए
यूरिया की बोरी साढ़े 400 रुपए की होती थी, जो आज 1200 रुपए में मिल रही है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने जयराम ठाकुर को सिर्फ सिराज का CM बताया। जो रबड़ स्टांप CM साबित हुए हैं। कहा कि भाजपा में अंदर से खलबली मची हुई है। आपस में खींचातानी है। राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब में 7 महीने में आम आदमी का झाडू बिखर गया है। उन्होंने लोगों से सतपाल रायजादा के पक्ष में वोट करने की अपील की।
जयराम ठाकुर सवालों से छिपा रहे मुंह
वहीं, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है, लेकिन CM जयराम ठाकुर भागने का काम कर रहे हैं। भाजपा के नेता मुंह छिपा रहे हैं। कहा कि अब ऐसे बात नहीं चलेगी और जवाब देना पड़ेगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुटता से काम कर रही है। कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व हिमाचल के हितों की रक्षा करेगा।
दावा किया कि हिमाचल में कांग्रेस की सुनामी है और इस सुनामी में भाजपा के तंबू उखड़ जाएंगे। जनसभा को कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने भी संबोधित किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.