हिमाचल के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का अपने हरोली विधानसभा में चुनाव प्रचार के दौरान जनसंपर्क जारी है। इस दौरान उन्होंने हरोली के विकास को आगे बढ़ाने के लिए जनता से समर्थन मांगा। साथ ही भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ पूरी ताकत से संघर्ष कर रही है। संघर्ष करने वाले हर साथी का सम्मान होगा। कहा कि भाजपा के पतन की शुरुआत हिमाचल से शुरू होगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जिस प्रकार से प्रियंका गांधी की रैलियों में भीड़ उमड़ी है, लोग आए हैं वो दिखाता है कि हिमाचल में कांग्रेस की सुनामी चल रही है। हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाकर भाजपा कुशासन का अंत करेंगे। साथ ही हिमाचल की जनता को राहत दी जाएगी। कहा कि CM जयराम ठाकुर ने हिमाचल को कर्ज के दलदल में धकेलने का काम किया है। जयराम कार्यकाल कर्ज के रूप में जाना जाएगा।
नौकरियां बेचने की जांच कराएगी कांग्रेस सरकार
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने नौकरियां बेची हैं। माफिया को बढ़ावा दिया और घपले पर घपले किए हैं। जिसकी कांग्रेस सरकार जांच कराएगी। कहा कि जमीन खिसकती देखकर भाजपा के नेता बौखलाहट में हैं। हिमाचल की जनता ने कांग्रेस की सरकार बनाने का मूड बना लिया है। हालत यह है कि सरकारी खर्च पर रैलियां कराने वाले भाजपा के नेताओं को आज जनता नहीं मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने मनरेगा, आंगनबाड़ी सहित कर्मचारियों का उत्पीड़न करने का काम किया है। कहा कि भाजपा ने क्या किया, इसे जनता बखूबी जानती है। कर्मचारियों के साथ अन्याय किया गया। हालत यह है कि कर्मचारियों को संघर्ष करना पड़ा। उनके ऊपर मुकदमे दर्ज हुए। कर्मचारी, महिलाओं को बच्चे साथ लेकर कोर्ट कचहरी में जाना पड़ा। ऐसे राजनीतिक मुकदमों को कांग्रेस सरकार एकमुश्त खत्म करेगी।
पहली कैबिनेट में देंगे कर्मचारियों को OPS
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कर्मचारियों को पहली कैबिनेट में OPS देंगे। हमने छत्तीसगढ़ और राजस्थान में यह काम किया है। हिमाचल में भी इसे ठोक बजाकर करेंगे। कहा कि आज भाजपा के नेता बोल रहे हैं कि कांग्रेस नहीं दे सकती है। हम कर्मचारियों काे OPS देंगे। भाजपा नेता बताएं कि सत्ता में थे, तब क्यों नहीं दी?
हमने जो वादा किया, उसे पूरा करेंगे
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हमने वादा किया है और इसे पूरा करेंगे। हिमाचल के संसाधनों से कर्मचारियों को पेंशन देंगे। बोर्डों और निगमों को भी पेंशन देंगे। 5 लाख युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे। 300 यूनिट बिजली हर घर को मुफ्त दी जाएगी। हर महिला के खाते में 1500 देंगे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी करेंगे। मनरेगा की दिहाड़ी साढ़े 300 रुपए करेंगे।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ट्रैवल इंजन से ज्यादा कुछ नहीं है। भाजपा सिर्फ जुमलों की सरकार है, जिसने हिमाचल के साथ अन्याय किया। PM नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के दौरों में जुमले सुनाकर जनता को गुमराह करने की बातें की हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.