हिमाचल के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने BJP के स्टार प्रचारक एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर जवाबी पलटवार किया। कहा कि अमित शाह सिर्फ जुमले छोड़ने के लिए हिमाचल आए हैं। बेहतर होता कि अमित शाह हिमाचल के बारे में बेहतर जानकारी रख कर आते, नहीं तो किसी वरिष्ठ नेता से हिमाचल के बारे में जानकारी ले लेते।
बुधवार को हरोली विधानसभा में प्रचार के दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अमित शाह कह रहे हैं कि हिमाचल में कांग्रेस और उसके नेताओं ने क्या किया है? कहा कि अमित शाह जिस हिमाचल में चुनावी प्रवास पर हैं, वह देवभूमि कांग्रेस की वजह से पूर्ण राज्य बना है। हिमाचल को अपना घर बताने वाले PM नरेंद्र मोदी उसके साथ न्याय नहीं कर पाए हैं। न मोदी हिमाचल को आर्थिक पैकेज दे पाए हैं।
हिमाचल को कर्ज में डुबाने और महंगाई बढ़ाने का काम भाजपा ने किया
अमित शाह केंद्र की नीतियों का गुणगान कर रहे हैं। जबकि, डबल इंजन सरकार ने हिमाचल का नुकसान किया है। हिमाचल को कर्ज में डुबाने और महंगाई बढ़ाने का काम किया है। कहा कि अमित शाह कह रहे हैं कि मोदी सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को गैस सिलेंडर दिए हैं। शाह में अगर हिम्मत है तो वो अपने प्रचार के दौरान यह बताएं कि गैस सिलेंडर की कीमत क्या हो गई है?
बताएं कि राशन की दुकानों पर हिमाचल वासियों के साथ भेदभाव क्यों हो रहा है? 3 प्रकार के रेट खाद्य सामग्री के लिए जा रहे हैं? पेट्रोल डीजल और सीमेंट बैग के रेट पर अमित शाह जवाब दें? साथ ही हिमाचल के कर्ज पर जवाब दें? मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और देश को जोड़ने का काम कर रहे हैं। साम्प्रदायिकता को बे-नकाब कर रहे हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का भाषा पर नहीं नियंत्रण
लेकिन, हिमाचल में प्रचार के दौरान PM नरेंद्र मोदी और अमित शाह सहित भाजपा के नेताओं को राहुल गांधी का खौफ है। यह सार्वजनिक मंचों से नजर आ रहा है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा के नेता आज भी गांधी परिवार से डर रहे हैं, उनके खौफ में हैं। साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता और उनकी भाषा पर नियंत्रण नहीं है। कहा कि कांग्रेस को मां-बेटा की पार्टी बोल रहे हैं।
आज लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव करके इस देश में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हैं। कहा कि परिवारवाद तो भाजपा के अंदर है। अमित शाह आज कांग्रेस के परिवारवाद की बात कर रहे हैं। वह हिमाचल में बेटा, बेटी, पत्नीवाद की बात करें। जो टिकट BJP ने दी हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हम तो कह रहे हैं कि अगर योग्यता है तो योग्यता पर परिवार को आगे आने में भी दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
गांधी परिवार कांग्रेस का मार्गदर्शक
कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और गांधी परिवार कांग्रेस के मार्गदर्शक हैं और उनका सम्मान है। हमारे नेता हैं, वे लगातार कांग्रेस को आगे ले जाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। कहा कि भाजपा में तो लोकतंत्र ही खत्म है। भाजपा पूरी तरह से नरेंद्र मोदी की जेब और कब्जे में है। तानाशाही से निर्णय होते हैं। हिमाचल की बगावत यह साबित कर रही है कि किस प्रकार से भाजपा लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.