हिमाचल के ऊना जिला में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने में भाजपा आगे है और कांग्रेस पिछड़ती नजर आ रहा है। हलके में PM मोदी समेत भाजपा के 7 स्टार प्रचारक जनसभाएं कर चुके हैं, लेकिन जिले में कांग्रेस का कोई बड़ा नेता अभी प्रचार के लिए नहीं आया है।
दिन-रात रैलियां करने में जुटे मुकेश अग्निहोत्री
यहां अकेले नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री प्रचार का जिम्मा संभाले हुए हैं, जो अपने विधानसभा क्षेत्र हरोली के साथ-साथ दूसरे जिलों में भी कांग्रेस प्रत्याशियों का प्रचार कर रहे हैं। रविवार को मुकेश अग्निहोत्री चुनाव प्रचार के लिए कांगड़ा जिले के शाहपुर में थे। शाम को गगरेट में पार्टी प्रत्याशी चैतन्य शर्मा के समर्थन में जनसभा की। रात को हरोली के बढेड़ा में अपना प्रचार किया। चुनावी जनसभाओं में भाजपा और CM जयराम ठाकुर उनके निशाने पर रहे।
कल आएंगे सचिन पायलट, प्रियंका का रोड शो रद्द
1 नवंबर दिन मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के स्टार प्रचारक सचिन पायलट कुटलैहड़ विधानसभा के समूर में जनसभा को संबोधित करेंगे, जिससे पार्टी प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो के प्रचार को धार मिलेगी। हालांकि 7 नवंबर को ऊना में कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी का रोड शो होना था, लेकिन अब यह कैंसिल हो गया है।
3 दिन पहले कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के चेयरमैन सुखविंद्र सिंह सुक्खू अंब में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप कुमार को मनाने आए थे, तब उन्होंने बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विप्लव ठाकुर ने भी संबोधित किया था, लेकिन फिलहाल ऊना जिले में कांग्रेस का पूरा प्रचार मुकेश अग्निहोत्री पर केंद्रित है।
ऊना में भाजपा कर चुकी धुंआधार प्रचार
दूसरी तरफ ऊना जिला में भाजपा प्रचार में कांग्रेस से आगे दिख रही है। रविवार को केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू हरोली और ऊना में जनसभाएं कर चुके। हिमाचल प्रभारी अविनाश राय खन्ना कुटलैहड़, राज्यसभा सांसद मिथलेश कठेरिया गगरेट और चिंतपूर्णी में जनसभाएं कर प्रचार को गति दे चुके हैं। आज केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हरोली और गगरेट विधानसभा में चुनावी दौरे पर आ रहे हैं।
इससे पहले CM जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व हिमाचल भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाएं कर चुके हैं। आचार संहिता लगने से एक दिन पहले PM नरेंद्र मोदी ऊना में बड़ी रैली कर भाजपा के प्रचार को धार दे गए थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.