जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच अप डाउन करने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस और मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन का ऊना हिमाचल प्रदेश तक विस्तार किया जाए। अधिवक्ता कृष्ण कुमार बस्सी ने बताया कि अगर जबलपुर से किसी ने हिमाचल आना हो तो उसे ट्रेन के लिए 5 से 10 घंटे तक इंतजार करना पड़ता है।
दो तीन जगह ट्रेन बदलनी पड़ती है। ऐसे में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को ज्ञापन भेजा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और जबलपुर के सांसद राकेश सिंह से दोनों ट्रेनों को एक्सटेंड करने की पैरवी की है।
कृष्ण कुमार बस्सी का कहना है कि जबलपुर सेना का बड़ा सेंटर है, जहां हिमाचल के सैनिकों का पोस्टिंग के लिए आना जाना होता है। जबलपुर और आसपास के इलाकों में ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा जिलाें के लोग रहते हैं, जो हिमाचल भी आते-जाते हैं। पर्यटकों का हिमाचल सैर-सपाटे के लिए आना होता है, लेेकिन जबलपुर से चंडीगढ़ और ऊना के लिए सीधी ट्रेन नहीं है।
दौलतपुर चौक तक हिमाचल का एकमात्र ब्रॉडगेज रेल ट्रैक है, जो पूरा इलेक्ट्रिफाइड है। अगर जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन तक आने वाली गाेंडवाना एक्सप्रेस और मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति का ऊना तक विस्तार होता है तो मध्य प्रदेश से सीधा रेल लिंक जुड़ेगा। इससे चंडीगढ़ व हिमाचल आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ सैनिकों काे भी सुविधा होगी, जो जबलपुर के विभिन्न सैन्य संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
जबलपुर और आसपास के लोगों को हिमाचल में शक्तिपीठों के दर्शन करने में भी सुविधा होगी। क्याेंकि ऊना के रास्ते ही पर्यटकों व श्रद्धालुओं का शक्तिपीठ चिंतपूर्णी, ज्वाला जी और चामुंडा देवी के लिए आना-जाना होता है। उन्होंने ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा की सामाजिक संस्थाओं से दोनों ट्रेनों के विस्तार के लिए सहयाेग का आग्रह किया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.