हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने CM जयराम ठाकुर के विरुद्ध अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर जवाबी हमला बोला है। कहा कि हम चुनावी साल में जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को लेकर जा रहे हैं। जिससे कांग्रेस के नेता बौखला गए हैं। नेता प्रतिपक्ष आए दिन अनाप-शनाप बयान बाजी कर रहे हैं। जो उन्हें कतई शोभा नहीं देता है। यह हिमाचल की संस्कृति और जनता का अपमान है।
ग्रामीण विकास मंत्री कंवर ने कहा कि हिमाचल में CM को विकास और प्रवास के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल जरूरी है। पूर्व के CM भी अपने कार्यकाल में हेलीकॉप्टर का प्रयोग करते रहे। क्योंकि, हिमाचल पहाड़ी राज्य है और उसकी भौगोलिक परिस्थितियों से सब वाकिफ हैं। जहां CM को हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करना जरूरी हो जाता है।
कहा कि CM जयराम ठाकुर भी अन्य CM की तरह ही हेलीकाप्टर का प्रयोग करते आ रहे हैं। पिछले साढ़े 4 वर्षों में हिमाचल में CM के नेतृत्व में अथाह विकास हुआ है। इससे ग्रामीण क्षेत्र भी अछूते नहीं रहे हैं। पेयजल, सड़क, और हेल्थ नेटवर्क सुदृढ़ किया गया है। पर्यटन को बढ़ावा दिया गया है। यही वजह है कि कांग्रेस पार्टी में चुनावों के नजदीक बौखलाहट दिख रही है। तभी नेता प्रतिपक्ष बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में BJP उपलब्धियों के बलबूते मिशन रिपीट करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी गियर अप कर रही है। बूथ से लेकर पन्ना प्रमुख स्तर तक कार्यकर्ता फील्ड में जुटे हैं। जिससे कांग्रेस को विधानसभा चुनावों में मुंह की खानी पड़ेगी और उसके सत्ता पाने के मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.