हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के नंगड़ा में 2 घरों में चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर दोनों घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के सोने के जेवरात चुरा ले गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए सामान की डिटेल जुटाई जा रही है।
ASP प्रवीण धीमान ने बताया कि नंगड़ा गांव में सोमवार रात अज्ञात चोर 2 घरों के ताले तोड़कर घुसे। उस वक्त दोनों घरों में कोई नहीं था। अज्ञात चोरों ने पहले सामान खंगाला। इसके बाद अलमारी के लॉकर तोड़कर सोने के जेवरात चुरा कर ले गए।
इस घटना का मंगलवार सुबह ही पता चला। इसके बाद ऊना पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर मंगलवार दोपहर को एडिशनल SP प्रवीण धीमान नंगड़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम के साथ दोनों घरों में चोरी की घटना के बारे में जानकारी जुटाई।
नंगड़ा की सुरेश कुमारी के अनुसार उनके घर से लगभग 10 तोले सोने के जेवरात चोरी हुए हैं। इनमें 2 किटी सेट, एक 3 तोले का सेट, 2 डायमंड की अंगूठी, 2 चूड़ियां, 2 कान की बालियां शामिल हैं। इसके अलावा 46 हजार रुपए की नगदी चोरी हुई है।
दूसरे घर में चोरी हुए सामान का अभी पता नहीं चल सका है। क्योंकि उसके मकान मालिक किसी काम से पटियाला गए हुए हैं। उनके आने के बाद ही चोरी हुए सामान का पता चल सकेगा। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.