हिमाचल के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने CM जयराम ठाकुर पर हमला बोला है। रविवार देर शाम ऊना में जारी बयान में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयराम को विधानसभा चुनावों के बाद हकीकत का सामना कर लेना चाहिए। कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से आ रही है। ऐसे में CM को मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना बंद कर देना चाहिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सपने देखना बुरी बात नहीं है, लेकिन जिस प्रकार से जयराम ठाकुर सपने देख रहे हैं, वह कभी पूरे होने वाले नहीं हैं। कहा कि रिवाज नहीं बल्कि तख्त और ताज बदल रहे हैं। हिमाचल की जनता ने जनादेश दिया है, जो 8 दिसंबर को कांग्रेस के पक्ष में होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व मजबूत है। कांग्रेस एकजुट है, ऐसे में भाजपा को कांग्रेस को छोड़ अपनी चिंता करनी चाहिए।
8 दिसंबर के बाद भाजपा में सिर फुटेल की स्थिति होना तय
कहा कि आज भाजपा गुटबाजी के साथ-साथ अनेक प्रकार के विद्रोह का सामना कर रही है। 8 दिसंबर के बाद भाजपा में सिर फुटेल की स्थिति होना तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व देश में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए प्रयास कर रहा है। भारत जोड़ो यात्रा में जनसमर्थन मिल रहा है, जो कांग्रेस नेतृत्व के प्रति जनता का बढ़ता विश्वास है। कहा कि भाजपा ने साम-दाम-दंड-भेद की नीति को अपनाकर चुनावों को जीतने का प्रयास करती है, उसकी असलियत खुल गई है।
जनता का जनादेश सर्वोपरि
जनता का जनादेश सर्वोपरि होगा। जनता ने महंगाई, बेरोजगारी, कर्ज सहित अनेक मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान किया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आकर वादों को पूरा करेगी और आर्थिक संसाधनों में मजबूती आएगी। कहा कि हम केंद्र सरकार के पास भीख नहीं मांगेंगे, बल्कि हिमाचल का हक लेने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। हिमाचल के हक पर केंद्र को कुंडली नहीं मारने दी जाएगी।
पहली कैबिनेट में कर्मचारियों से किए वादे करेंगे पूरे
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आकर पहली कैबिनेट में कर्मचारियों के साथ किए वादे को पूरा करेगी। 300 यूनिट बिजली के मुफ्त दिए जाएंगे। महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा पूरा किया जाएगा। कहा कि कांग्रेस ने जो गारंटी जनता को दी हैं, उसे तय समय में पूरा करेगी।
हिमाचल का विकास आगे बढ़ाएंगे
उन्होंने कहा कि हिमाचल को विकास में आगे बढ़ाया जाएगा। हिमाचल में कांग्रेस की सोच और प्रदेश के आधुनिक निर्माता वीरभद्र सिंह के सपनों को साकार करने के लिए कदम आगे बढ़ाए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं को हरसंभव सम्मान दिया जाएगा। कहा कि कांग्रेस की सरकार जनता की सरकार होगी, जनता के लिए होगी। इसमें जनता के हक की आवाज को बुलंद कर धरातल पर विकास के कार्य किए जाएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.