बोकारो थर्मल के जारंगडीह स्थित अपर बंगला और शिव मंदिर के पास शनिवार की देर रात अज्ञात बाइक सवारों ने अंधाधूंध फायरिंग की। इस फायरिंग से मची अफरा-तफरी में कोल व्यवसायी 45 वर्षीय शांतिपद गोराई को गोली लग गई। गोली उनके कमर के नीचे लगी। शांतिपद गोराई आरआर शॉप कॉलोनी के रहने वाले हैं। गोली लगने के बाद उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए डीवीसी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के किसी निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लगभग आधी रात पुलिस की ओर से अपराधियों की गिरफ्तारी की बात कहे जाने के बाद लोगों ने सड़क जाम हटाया।
क्या है पूरा मामला
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार की रात लगभग आठ बजे पीले रंग की स्कूटी सवार पर दो युवक अपर बंगला कॉलोनी का बार-बार चक्कर लगा रहे थे। सड़क किनारे मौजूद कॉलोनी के कुछ युवाओं ने उन्हें रोककर बोला कि उन लोगों को कहां जाना है। दो बार कॉलोनी का चक्कर लगा रहे हैं। इस बात से आक्रोशित होकर स्कूटी सवार युवाओं ने कॉलोनी के लोगों से बहस कर लिया। इसके बाद फोन करके अपने साथियों को वहां बुला लिया। जिसके कुछ मिनट के बाद सफेद रंग की आपाची बाइक में सवार दो लोग पहुंचे और अंधाधूंध फायरिंग करने लगे।
फायरिंग की वजह से हुई अफरा-तफरी
अपर बंगला कॉलोनी में अज्ञात अपराधियों की ओर से की गई गोलीबारी की वजह से कुछ देर के लिए वहां भगदड़ की स्थिति हो गई। लोग जान बचाने की इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच वहां से अपने भाई महादेव गोराई के अपर बांगला स्थित घर जा रहे शांति पद गोराई को गोली लग गई। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद लोगों ने अपर बांगला सहित आसपास के इलाके में जाम लगा दिया। लोग अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
बोकारो थर्मल थाना के इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी शैलेश कुमार चौहान के नेतृत्व में पुलिस की टीम गोली चलाने वाले अपराधियों का सुराग लगाकर पकड़ने के अभियान में जुटी हुई है। इधर इस गोलीकांड की वजह से जारंगडीह सहित आसपास के क्षेत्रों में डर का माहौल हो गया। बाजार का समय होने के बाद भी कॉलोनी और आसपास के इलाके में सन्नाटा हो गया था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.