• Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Bokaro
  • Jack Increased The Registration And Examination Fees By More Than One And A Half Times, Because Of This Many Students Will Not Be Able To Give The Exam.

छात्रों का भविष्य दांव पर:जैक ने रजिस्ट्रेशन और परीक्षा फीस डेढ़ गुना से ज्यादा बढ़ाई, इस वजह से कई छात्र नहीं दे पाएंगे परीक्षा

बोकारो2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
नौवीं की परीक्षा 11 अप्रैल और 11वीं की 17 अप्रैल से शुरू होगी, अब रजिस्ट्रेशन का समय नहीं - Dainik Bhaskar
नौवीं की परीक्षा 11 अप्रैल और 11वीं की 17 अप्रैल से शुरू होगी, अब रजिस्ट्रेशन का समय नहीं

झारखंड एकेडेमिक काउंसिल (जैक) ने 9वीं और 11वीं की परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन और परीक्षा शुल्क आदि में डेढ़ गुना से ज्यादा बढ़ोतरी कर दी। इससे बड़ी संख्या में बच्चे रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाए। अब राज्य के करीब 10 हजार बच्चे इस बार परीक्षा नहीं दे पाएंगे। नौवीं की परीक्षा 11 अप्रैल से और 11वीं की 17 अप्रैल से शुरू होगी।

झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ ने जैक अध्यक्ष को पत्र लिखकर रजिस्ट्रेशन के लिए समय देने की मांग की थी। कई प्रमंडल के क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशकों ने भी जैक को पत्र लिखा, लेकिन उनकी मांगें नहीं मानी गई। अब इन बच्चों को रजिस्ट्रेशन के लिए एक साल का इंतजार करना होगा। इससे इनका एक साल बर्बाद हो जाएगा।

इधर, राज्य के करीब 5 लाख बच्चों ने नौवीं और 11वीं के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के प्रदेश अध्यक्ष मो. ताहिर हुसैन ने कहा कि रजिस्ट्रेशन के लिए 1 अक्टूबर 2022 से 4 जनवरी 2023 तक का समय दिया गया था। पर रजिस्ट्रेशन शुल्क व परीक्षा शुल्क में डेढ़ गुना से ज्यादा बढ़ोतरी कर दी गई। रजिस्ट्रेशन का समय ऐसा था, जब त्योहार का सीजन होता है। उस समय बच्चे कम आते हैं। जब सूचना मिली तो पैसों का जुगाड़ करने में समय निकल गया।

जैक सचिव बोले- सीबीएसई से मांग पर समय मिलेगा क्या

झारखंड एकेडेमिक काउंसिल (जैक) के सचिव महीप कुमार सिंह ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए साढ़े चार महीने का समय दिया गया था। इसका प्रोसेस होता है। अब समय नहीं दे सकते।

अगर चुनाव के समय कोई नामांकन नहीं करेगा, तो उसे चुनाव लड़ने देने की मांग करना बेकार है। सीबीएसई में ऐसी मांग करने पर समय मिलेगा क्या? इनमें अधिकतर वैसे बच्चे ही हैं, जो स्कूल नहीं आते। स्कूल आते तो रजिस्ट्रेशन कराने से नहीं चूकते।

जानिए...कितना बढ़ा शुल्क

जानिए किस जिले में कितने छात्र परीक्षा से वंचित

रांची 1800 बोकारो 1357 पू. सिंहभूम 900 प. सिंहभूम 700 सरायकेला 1300 गिरिडीह 300 पलामू 870 दुमका 913 साहेबगंज 437 पाकुड़ 231

सबसे ज्यादा रांची के बच्चे परीक्षा से वंचित