कपाली थाना क्षेत्र के डांगरडीह निवासी दानिश सिद्दीकी (19) की सतनाला डैम में नहाने के क्रम में डूबने से मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब 5.45 बजे की है। घटना के करीब पांच घंटे बाद पुलिस ने चार गोताखोरों की मदद से शव को निकाला। जानकारी के अनुसार, दानिश सिद्दिकी नमाज पढ़ने के बाद सुबह 5 बजे बाद अपने छह दोस्तों के साथ घर से निकला था। वह रोजाना अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए जाता था। रविवार को भी वह दोस्तों के साथ सतनाला डैम में नहाने गया।
गहरे पानी में चले जाने की वजह से वह डूब गया। पुलिस को सुबह 6 बजे दानिश के डूबने की सूचना मिली। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाया। पांच घंटे की काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दानिश का शव डैम से निकाला। मौके पर पहुंचे दानिश के पिता इश्तियाक ने कपाली थानेदार सतीश को शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध करते हुए लिखित आवेदन दिया। थानेदार ने वरीय अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर शव परिजनों को सौंप दिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.