रांची के झारखंड शैक्षिक अनुसंधान परिषद में 22 व 23 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय कला उत्सव कार्यक्रम में चतरा के बच्चों ने परचम लहराया है। राज्य स्तरीय कला उत्सव में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चतरा के दो बच्चों का चयन राष्ट्रीय कला उत्सव कार्यक्रम के लिए किया गया है। झारखंड शैक्षिक अनुसंधान परिषद रांची में आयोजित कला उत्सव में चतरा जिले के विभिन्न विद्यालयों के 18 छात्र छात्राएं शामिल हुए थे।
नौ छात्र एवं नौ छात्राएं शिक्षक सीमा श्रीवास्तव, श्याम किशोर एवं डाॅ मनीष कुमार के नेतृत्व में कला उत्सव में शामिल होने के लिए रांची गए थे। इसमें राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय चतरा के छात्र रोहित कुमार को पेंटिंग में तथा इंदुमति टिबड़ेवाल सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा साक्षी प्रिया दुबे को शास्त्रीय संगीत में प्रथम स्थान मिला।
इसके अलावा बीके प्लस टू उच्च विद्यालय कान्हाचट्टी के छात्र गौतम कुमार को मूर्ति कला में एवं प्लस टू उच्च विद्यालय औरूगेरूवा के छात्र विवेक कुमार को वादन अवनद्ध में तृतीय स्थान मिला। कला उत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र रोहित कुमार व साक्षी प्रिया दूबे का चयन राष्ट्रीय कला उत्सव के लिए किया गया है। राष्ट्रीय कला उत्सव दिल्ली में जनवरी माह में आयोजित है। इसमें देश के सभी राज्यों के प्रतिभागी शामिल होगें।
रोहित कुमार व साक्षी प्रिया दुबे का चयन राष्ट्रीय कला उत्सव के लिए होने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्र, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिषेक बडाईक, राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय चतरा के प्रधानाध्यापक सतीश लाल गुप्ता, इंदुमति टिबड़ेवाल सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य पवन कुमार दास आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों बच्चों को बधाई दी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.