देवघर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री खिलाफ अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करने पर गाेड्डा सांसद निशिकांत दुबे पर साेमवार काे जिले के विभिन्न थानाें में 5 प्राथमिकी दर्ज हुई है। दरअसल, मधुपुर विधानसभा उप-चुनाव के दाैरान सांसद निशिकांत ने डीसी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कई पाेस्ट किए थे। उन्हीं काे आधार बनाते हुए डीसी के निर्देश पर पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
सोमवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सांसद के विरुद्ध जिले के नगर थाना, देवीपुर थाना, बुढैई थाना, मधुपुर थाना व चित्रा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। नगर थाने में डीपीआरओ रवि कुमार के बयान पर देवीपुर थाने में, देवीपुर में बीडीओ अभय कुमार के बयान पर, मधुपुर थाने में बीडीओ राजीव कुमार सिंह के बयान पर एक और चितरा थाने में सारठ बीडीओ पल्लवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज हुई है।
निशिकांत दुबे बोले
कार्यकर्ता शांति बनाए रखें
सांसद ने अपनी प्रतिक्रिया भी साेशल मीडिया पर दी है। उन्हाेंने कहा कि सभी कार्यकर्ता शांति बनाए रखें। जितना केस मुकदमा हाे, उतना ही खुशी मनाइए। देवघर जिला उपायुक्त बाल सुलभ हरकत करते हैं, हमारा और आपका मनोरंजन होता है, उनका दूध-भात। जय भाजपा
दीपक प्रकाश ने कहा
सरकार के इशारे पर केस किया
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर देवघर डीसी ने तुगलकी निर्णय लेते हुए सांसद निशिकांत दुबे पर प्रतिशोध में फर्जी प्राथमिकी करवाई है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। डीसी का यह रवैया व्यक्ति विशेष के प्रति उनके विद्वेष भाव को दिखाता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.