धनबाद के आशीर्वाद टावर में आग से 14 की मौत:दीये से लगी आग, शादी वाले घर में दुल्हन की मां समेत 14 मौतें

धनबाद(झारखंड)4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

झारखंड में धनबाद अग्निकांड में अब तक 14 की मौत हुई है। इसमें 10 महिलाएं, 3 बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं। 35 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है। इसमें से कई गंभीर हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। गुरुवार को इस मामले में सुनवाई होगी।

आग मंगलवार शाम साढ़े छह बजे जोड़ा फाटक स्थित दस मंजिला आशीर्वाद ट्विन टावर के थर्ड फ्लोर के एक फ्लैट में लगी। पूजा के लिए लगाए गए दीये को बच्चे ने गिरा दिया। आग कारपेट में लगी और पूरे फ्लैट में फैल गई। सिलेंडर की वजह से आग और भड़क गई।

इसके बाद एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर तक आग फैलने लगी। चौथी मंजिल पर शादी वाले फ्लैट के लोगों ने आग देखी तो उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर गार्ड बाहर निकला। उसने सबसे पहले बिजली और लिफ्ट का कनेक्शन काट दिया। लोग चारों तरफ से आग की लपटों में घिर गए। लोग फ्लैट से बाहर निकलकर बालकनी में आ गए। मदद के लिए महिलाएं और बच्चे चीखने लगे। कुछ सीढ़ियों से उतरकर भागने लगे, लेकिन नीचे और ऊपर आग लगी होने की वजह से घिर गए। उन्हें निकलने का मौका नहीं मिला। वे वहीं पर जल गए।

तस्वीरों में देखिए आग और रेस्क्यू...

सबसे ज्यादा मौतें फोर्थ फ्लोर पर

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियों ने आग बुझानी शुरू की। पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया। लोग फ्लैट छोड़कर ऊपर छत पर पहुंच गए। करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। सभी को बाहर निकाला गया। सबसे ज्यादा मौतें फोर्थ फ्लोर पर हुईं।

दुल्हन की मां, दादा, मौसी समेत 14 की मौत
फोर्थ फ्लोर पर सुबोध लाल वर्णवाल का फ्लैट है। उनकी बेटी पूजा की शादी मंगलवार को थी। सुबोध श्रीवास्तव के रिश्तेदार अशोक लाल ने बताया कि दुल्हन तैयार होकर शाम पांच बजे मैरिज गार्डन चली गई थी। वहीं पूजा की मां, चाची, मौसी समेत महिलाएं और बच्चे तैयार होकर निकलने वाले थे। वे आग में घिर गए।

सभी बदहवास होकर इधर-उधर भाग रहे थे। महिलाएं लगेज लेकर सीढ़ी से नीचे उतरने लगीं। इसी दौरान आग की लपटों में घिरकर पूजा की मां माला देवी, मौसी सविता देवी, सविता देवी का 8 साल का बेटा अमन, एक अन्य रिश्तेदार सुशीला देवी और चार साल की बच्ची तान्या की मौत हो गई। पूजा के दादा की भी मौत की सूचना है।

जिस वक्त आग लगी पटना से आईं दुल्हन पूजा की बड़ी मम्मी पूनम देवी फ्लैट में तैयार हो रही थीं। उन्होंने बताया कि सभी महिलाएं तैयार हो रही थीं। हम लोग कुछ देर में निकलने वाले थे। तभी चीखें सुनकर वह बाहर आईं तो देखा कि हर तरफ अफरातफरी मची है।

वह नीचे उतरने की कोशिश करने लगीं, लेकिन धुआं इतना था कि उनकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। किसी व्यक्ति ने उन्हें बचाया और चौथे तल्ला पर लेकर चल गया। पूनम ने बताया कि किसी तरह उसकी जान बच गई। उसके साथ कई महिलाएं थीं। पूनम ने कहा, मुझे नहीं पता कि इस हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है, लेकिन शादी का माहौल मातम में बदल गया।

महिलाएं बच्चों को गोद में लिए जल गईं

आग दूसरे फ्लोर से लेकर 6 फ्लोर तक फैल गई। महिलाएं बचाने के लिए बच्चों को अपनी गोद में दबा लिया। बचाव कर्मी जब पहुंचे तो उन्हें सीढ़ी और फ्लैट के बाहर शव पड़े थे। कुछ शव एक-दूसरे से चिपके हुए थे।

बचाव कर्मी भी झुलसे
हादसे में 35 से ज्यादा लोग झुलस गए। इसमें से कुछ गंभीर हैं। आग इतनी भीषण है कि कुछ बचावकर्मी भी झुलस गए हैं। लोगों को बचाते समय बैंक मोड़ थाना प्रभारी पीके सिंह भी झुलस गए हैं। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल में भर्ती आग में झुलसे लोग।
अस्पताल में भर्ती आग में झुलसे लोग।

दूसरे फ्लोर के फ्लैट से फैली आग

लोगों के मुताबिक अपार्टमेंट के दूसरे फ्लोर पर पंकज अग्रवाल का फ्लैट है। शाम को फ्लैट में महिला पूजा के दौरान दीया प्रज्जवलित किया था। एक बच्चे ने दीया नीचे गिरा दिया। नीचे बिछे कारपेट में आग लग गई। जब तक महिला आग बुझाती, वहां से आग की लपटें निकलने लगीं। महिला बच्चे को लेकर निकल गई।

इधर, आग तेजी से थर्ड और फोर्थ फ्लोर के फ्लैट तक फैल गई। फ्लैट में रखे सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। इससे आग और भड़क गई। पहले सिलेंडर में ब्लास्ट की वजह से आग लगने की बात सामने आई थी।

12 से अधिक एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
12 से अधिक एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

राज्य सरकार 4 लाख सहायता देगी
झारखंड के CM हेमंत सोरेन मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। घायलों को इलाज के लिए जिला प्रशासन को आदेश दिया है।

इससे जुड़ी अन्य खबरें भी पढ़िए...

इधर परिवार में 14 की मौत...उधर, सात फेरे:स्वाति को पता ही नहीं था, कि मां-भाई, दादा-दादी अब इस दुनिया में नहीं रहे

झारखंड में धनबाद अग्निकांड में अब तक 14 की मौत हुई है। दैनिक भास्कर की टीम रांची से रात 2 बजे धनबाद पहुंची। आशीर्वाद ट्विन टावर की तस्वीरें विचलित करने वाली थी। यहां पहुंचकर हमें पता चला कि इसी परिवार की बेटी की शादी यहां से 500 मीटर दूर मैरिज हॉल में हो रही है। इसके बाद हम वहां पहुंचे। वहां का माहौल बिल्कुल अलग था, सिर झुकाने नम आंखों में बैठे लड़की के पिता और शादी करती दुल्हन। दुल्हन को विदाई तक पता ही नहीं था, कि उसका पूरा परिवार अब इस दुनिया में नहीं रहा।

4 दिन पहले ही धनबाद में ऐसे हादसे की दूसरी खबर भी पढ़ें..

अस्पताल में आग से डॉक्टर दंपती समेत 6 जिंदा जले:बचने के लिए बाथटब में बैठे थे डॉक्टर; वहीं दम घुटा

झारखंड के धनबाद में शुक्रवार रात 1 बजे एक प्राइवेट अस्पताल में आग लग गई। इसमें डॉक्टर दंपती समेत 6 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसे के वक्त सभी लोग सो रहे थे। डॉक्टर का शव बाथटब से मिला है। ऐसा कहा जा रहा है कि खुद को बचाने के लिए वे पानी के टब में बैठ गए थे। यहीं उनकी लाश मिली।पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

शादी वाले घर में एक-एक कर बिछ गई 14 लाशें:500 मीटर दूर मातमी सन्नाटे के बीच हुए सात फेरे; तस्वीरों में देखिए धनबाद अग्निकांड

धनबाद के आशीर्वाद टावर में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई। अपार्टमेंट के सेकंड फ्लोर में लगी आग 5वें फ्लोर तक फैल गई। हादसे में सबसे ज्यादा मौत उसी घर में हुई जहां शादी थी। इस आग्नकांड में दुल्हन की मां-भाई, दादा-दादी समेत 14 लोगों की मौत हो गई। इस भयानक हादसे से महज 500 मीटर दूर मैरिज हॉल में सन्नाटे के बीच शादी संपन्न हुई। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

खबरें और भी हैं...