झारखंड अल्पसंख्यक माध्यमिक शिक्षक संघ का राज्य स्तरीय महाधिवेशन रविवार को संत जॉन्स उच्च विद्यालय, रांची में आयोजित किया गया। इस दौरान नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष फादर फ्लोरेंस कुजुर, उपाध्यक्ष समीउल्लाह खान व फादार विनोद टोप्पो एवं महासचिव की जिम्मेवारी अंथोनी तिग्गा को दी गई। संयुक्त सचिव पद की जिम्मेवारी प्रभात कुमार सिंह शशि भूषण महतो, अनीशा मुर्मू और धनबाद के मिथलेश लाल कर्ण को मिली। कोषाध्यक्ष का पद सिस्टर पुष्पा एरगेट को मिला। महाधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि बिशुनपुर के विधायक चमरा लिंडा ने कहा कि वह अल्पसंख्यक शिक्षकों के साथ भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं।
उनकी सभी समस्याओं परेशानियों से अवगत हैं और उन्हें पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ जरूर मिलेगा। उन्होंने मिशनरियों और अल्पसंख्यक स्कूलों द्वारा दी जा रही शिक्षा का उल्लेख कर कहा कि सुदूर क्षेत्रों में शिक्षा का अलख जगाए हुए हैं। समाज राज्य देश के विकास में अच्छी भूमिका निभा रहे हैं। विडंबना है कि कुछ पदाधिकारियों के नकारात्मक विचार का खामियाजा भुगतना पड़ता है। लेकिन, अपनी एकता बनाए रखें, संघर्ष का रास्ता अपनाएं। उम्मीद है कि हेमंत सरकार इन कमियों को दूर करेगी। विशिष्ट अतिथि सिसई के विधायक जिग्गा सुसारेन होरो ने भी मामले से मुख्यमंत्री को अवगत कराने का आश्वासन दिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.