गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कोलडीहा बस डिपो के समीप जमीन मापी के दौरान दो गुटों के बीच हुए विवाद को लेकर जमकर पत्थरबाजी हुई। जिसमें एक महिला सहित चार लोग घायल हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि कोलडीहा बस डिपो के समीप करीब 12 डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जिसमें कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन समाधान नहीं निकला।
अंत में शनिवार को एक पक्ष के लोग काम करने आ गया, तो दूसरा पक्ष विरोध करने पहुंच गया। देखते ही देखते मामला इस कदर बढ़ गया कि दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। वहीं दोनों तरफ बड़ी संख्या में लोगों जुटान भी होने लगा। लेकिन तब तक घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी रामनारायण चौधरी और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पथराव की घटना में महिला समेत चार लोग घायल हैं। जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है वहीं मामले को देखते हुए घटना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं है, लेकिन जितने भी आरोपी होंगे किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.