गुमला जिले में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के लिए 27 मई को तीन प्रखंडों बसिया, कामडारा और पालकोट में मतदान होगा। चुनाव से पूर्व प्रचार-प्रसार और भोंपू का शोर बुधवार की शाम पांच बजे थम गया। अब प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान के तहत डोर-टू-डोर जनता के पास आखिरी जोर आजमाइश कर रहे हैं।
प्रचार का समय समाप्त होने से पूर्व वार्ड सदस्य से लेकर मुखिया, पंसस और जिप सदस्य पद के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का जनसंपर्क पूरे उफान पर रहा। वादे-संकल्प व क्षेत्र की सूरत बदलने के दावे के बीच प्रचार अभियान में एक मौका देने की हाथ जोड़कर विनती का दौर जारी रहा।
इन तीन प्रखंडों के बूथों पर शुक्रवार की सुबह से होने वाली वोटिंग को लेकर पोलिंग पार्टी का सेक्टर-क्लस्टर के लिए अब रवानगी शुरू हो जाएगी। लिहाजा प्रचार अभियान के कुछेक घंटे शेष रहते प्रत्याशी पूरे दमखम के साथ चुनावी दंगल में अपनी मौजूदगी दिखाने का कोई भी अवसर गंवाते नहीं दिखे और जोर शोर से मतदाताओं से विकास और भ्रष्टाचार मुक्त क्षेत्र बनाने के नाम पर आरजू-मिन्नत करते देखे गए।
इधर कोलेंग पंचायत से मुखिया पद पर खड़ी सुषमा केरकेट्टा ने अपने पक्ष में वोट देने की अपील की। कहा कि गांव की बहू हूं। समस्याओं को जानती हूं। निदान के लिए सभी के सहयोग से काम करूंगी। बस मौके की जरूरत है। गांव का चहुंमुखी विकास ही संकल्प है।
अब प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से कर रहे जनसंपर्क, मांग रहे वोट
पालकोट प्रखंड में जिप सदस्य की दो सीटों पर 9 प्रत्याशी मैदान में , दो पंसस निर्विरोध जीते
पालकोट प्रखंड में जिला परिषद सदस्य का 2 पद है ,इसमें 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। पंचायत समिति सदस्य के 16 पद हैं, इसमें 2 निर्विरोध निर्वाचित हैं। शेष 14 पदों के लिए 44 उम्मीदवार हैं। इसी प्रकार पालकोट प्रखंड में मुखिया पद के लिए 14 पद हैं। जिसके लिए 91 प्रत्याशी मैदान में है। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए कुल पद 161 हैं। इसमें से 110 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हैं।
बसिया प्रखंड में 15 मुखिया पदों के लिए 101 उम्मीदवार आजमा रहे हैं किस्मत
जिला परिषद सदस्य के 2 पद हैं। इसमें 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। पंचायत समिति सदस्य के 16 पद हैं। इसमें 4 निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। शेष 12 पदों के लिए 36 प्रत्याशी मैदान में हैं। मुखिया के लिए 15 पद हैं। इसके लिए 101 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं।
कामडारा में जिप सदस्य के एक पद के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में , दिलचस्प मुकाबला होगा
कामडारा प्रखंड में जिला परिषद सदस्य के 1 पद है। इसके लिए 6 उम्मीदवार हैं। पंचायत समिति सदस्य के लिए कुल 13 पद है। इसमें 3 निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। शेष 10 पदों के लिए 30 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। मुखिया के लिए 10 पद हैं। इसके लिए 82 प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 128 पद हैं । इसमें 101 निर्विरोध निर्वाचित हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.