जिला मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर डूमरडीह गांव निवासी शनिचरवा महतो के पुत्र निर्मल महतो ने शुक्रवार की अहले सुबह करीब 4:30 बजे टांगी से काटकर पत्नी सबिता देवी (25) की हत्या कर दी। घंटों शव के पास बैठकर बिलखता रहा।
इसी दौरान घर में सो रहे आरोपी के पिता व उसकी मां को हत्या की जानकारी हुई। दोनों ने आस-पास के लोगों को इसकी सूचना दी। बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। इसके बाद आरोपी ने रोना छोड़ अपने घर के बाहर निकल कर बैठ गया।
इधर घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर घटना की तहकीकात में जुट गई। घटना के बावत बताया जाता है कि मृतका और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
इसी कारण सबिता एक माह पूर्व पति से नाराज होकर मायके चली गई थी। वह तब से अपने तीन मासूम बच्चों के साथ मायके में ही रह रही थी। पति के बुलाने के बाद भी वह ससुराल वापस नहीं लौट रही थी।
इस कारण 18 अप्रैल को पति ने आवेश में आकर चाकू से अपने हाथ की नस काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। हालांकि वह इलाज के बाद ठीक हो गया था।
3 दिन पूर्व सबिता ससुराल आई थी, पति के साथ पंचायत में वोट भी दिया
इधर पति की इस करतूत के बाद भी पत्नी वापस नहीं लौटी थी। लेकिन 3 दिन पूर्व सबिता देवी कोई कागजात लेने के लिए ससुराल आई थी। गुरुवार को पंचायत चुनाव में पति के साथ वोट देने मतदान केंद्र गई थी।
वोटिंग करने के बाद देर रात वह खाना खाकर बच्चों के साथ अपने कमरे में सोने चली गई थी, जबकि आरोपी पति अपने पिता के साथ दूसरे कमरे में सोया था। शुक्रवार की अहले सुबह करीब 4:30 बजे पति नींद से जगकर चुपचाप पत्नी के कमरे में गया।
फिर रखी टांगी को उठाकर सोए अवस्था में ही उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीखने-चिल्लाने के बाद पलक झपकते ही पत्नी ने बिस्तर पर ही दम तोड़ दिया।
खून के छींटे उनके मासूम बच्चे पर भी पड़े थे
शरीर पर टांगी के हमले के बाद निकले खून के छींटे उनके मासूम बच्चे पर भी पड़ गए थे। इधर पत्नी की चीखने की आवाज सुनकर घर में सो रहे आरोपी के पिता और मां नींद से जगकर भागते हुए बहू के कमरे में आए, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
वहीं आरोपी पति शव के पास बैठकर रो रहा था। मृतका के बच्चे भी बिलख रहे थे। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि आपसी विवाद के कारण हत्या हुई है। विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस कई बिंदुओं पर घटना की जांच कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.