मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिलवार कला में गुरुवार की रात एक घर के अंदर घुसकर विधवा गीता देवी पति स्व राजू राणा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुक्रवार को सुबह जब उसका 11 साल का इकलौता बेटा सोकर उठा, तब हत्या के इस मामले का खुलासा हुआ।
इससे आसपास क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मुफस्सिल थाना प्रभारी बजरंग महतो ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सिलवार कला में विधवा गीता देवी के घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है।
पुलिस को जैसे ही जानकारी मिली पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। उसके चेहरे पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। मुंह से और नाक से खून निकलने के साथ इसके छींटे आसपास फर्श पर गिरे मिले हैं।
घटनास्थल के आसपास बिखरे सामान और परिस्थितिजन्य प्रमाण से लगता है कि महिला ने हत्यारे के साथ काफी संघर्ष की होगी। बताया गया कि मृतिका के पति की मौत तीन साल पहले हुई थी। तब से वह घर में अपने बेटे के साथ अकेले रहती थी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।
प्रथम दृष्टया दुष्कर्म की आशंका नहीं : थाना प्रभारी
इस संबंध में मुफस्सिल थाना प्रभारी बजरंग महतो ने कहा कि हर पहलू पर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया दुष्कर्म की बात सामने नहीं आ रही है आखिर हत्या करने वाले का मकसद क्या था और किन-किन लोगों से विवाद था।
किस तरह का विवाद था किसका उस घर में अधिक आना जाना था। कहा कि पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है। मेडिकल जांच भी कराई जा रही है। बताया कि बच्चा इस संबंध में कुछ भी जानकारी नहीं दे पा रहा है जिसके कारण अनुसंधान में थोड़ी दिक्कत हो रही है।
वैसे भी घटना के बाद बच्चा थोड़ा विचलित है, हो सकता है कि बाद में कुछ जानकारी दें। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अनुसंधान को दिशा मिलेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.