साइबर पुलिस ने जिले के करमाटांड़ और जामताड़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। एसपी मनोज स्वर्गियारी को मिली सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी मंजरूल होदा के निर्देश पर जामताड़ा साइबर थाना प्रभारी अजय कुमार पंजिकार के नेतृत्व में करमाटांड़ एवं जामताड़ा थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की गई।
इसमें जियेंद्र मंडल उम्र 28 वर्ष , ग्राम ताराबहाल थाना करमाटांड़ , जहीउद्दीन अंसारी उम्र 23 वर्ष , अशरफ अंसारी उम्र 30 वर्ष दोनों ग्राम चेंगायडीह, थाना जामताड़ा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं प्रदीप मंडल व कमरुद्दीन अंसारी ग्राम चेंगायडीह का भागने में सफल रहा। पुलिस ने इनके पास से 7 मोबाइल, 12 सिम कार्ड , 7 एटीएम, 3 मोटरसाइकिल बरामद किया है । इस सभी के विरुद्ध साईबर थाना में कांड संख्या 62/ 2022 दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया है।
डकैती की योजना बना रहे तीन गिरफ्तार, पाइपगन, भुजाली बरामद
चित्तरंजन|झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर अवैध हथियारों की आवक से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता से ऐसे अपराधियों के मनसूबों पर अब पानी फिर रहा है। लूट को अंजाम देने से पहले घातक हथियारों से लैश कुख्यात बदमाशों का गिरोह पुलिस के जाल में फंस गया। पुलिस ने इनके पास से देशी पाइप गन, भुजाली, नाइलॉन की रस्सी, दो बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक डकैतों का यह गिरोह आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों सक्रिय है। इन गिरोहों में से पुलिस ने जमुरिया शिबपुर के तूफान रॉय, हीरापुर न्यूटाउन स्लम नंबर 8 के उमेश बेड़ा और रानीगंज जेके नगर के महेंद्र पासी को गिरफ्तार किया है।
गुरुवार की रात लगभग 12. 30 बजे जमुरिया सिनेमा हॉल मोड़ के पास 6-7 लुटेरों का गिरोह किसी घटना को अंजाम देने के लिए जमा हुआ था। जमुरिया थाने की पुलिस पता चला ताे जमुरिया के ओसी राहुलदेव मंडल के आदेश पर पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस को आते देख बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन तीन को पकड़ने में पुलिस कामयाब रही। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने जमुरिया सिनेमा मोड़ इलाके में देर रात लूट की योजना बनाना स्वीकार किया है। पुलिस गिरोह के बाकी साथियों का पता लगा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.