ग्रेटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल लुकुईया में झारखंड स्थापना दिवस को लेकर मंगलवार से वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक प्रकाश राम, लातेहार के समाजसेवी सरयू सिंह व विशिष्ट अतिथि के रूप में उप प्रमुख अश्विनी मिश्र, एमएलसी प्रवीण सिंह, ओमप्रकाश सिंह, लोहरदगा भाजपा के राज मोहन राम समेत अन्य लोग शामिल हुए। सर्वप्रथम अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पूर्व विधायक प्रकाश राम में कहा कि बिरसा मुंडा झारखंड के जननायक थे। सर्वप्रथम जनजाति समुदाय के जननायक ने छोटानागपुर से अंग्रेजों के विरुद्ध उलगुलान की शुरुआत की थी। अपने शौर्य के बल पर उनके दांत खट्टे कर दिए। उनकी नींव हिला कर रख दी थी। उन्होंने बच्चों से आह्वान करते हुए कहा कि आप अपनी एनर्जी सही दिशा में लगाए। चाहे वह खेल का ही क्षेत्र हो या कोई और क्षेत्र। उन्होंने नीरज चोपड़ा, सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ियों का उदाहरण भी दिया। निदेशक कादंबरी सिंह ने कहा कि वार्षिक खेलकूद के दौरान रिले रेस, 200,400 मीटर की दौड़, गुब्बारा रेस समेत अन्य प्रतियोगिता आयोजित की गई।
विद्यालय के अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों को खेल के लिए प्रेरित करें। खेल से उन्हें ना रोकें। गुरुवार को प्रतियोगिता का समापन होगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण का केंद्र नागपुरी झूमर व नृत्य रहा। जिसे उपस्थित लोगो ने जमकर सराहा। मौके पर प्रभाकर मिश्र, महेंद्र प्रसाद, राजू सिंह, राजन भगत, लाल प्रदीप नाथ शाहदेव, प्रेम भगत, निर्मल भारती समेत बड़ी संख्या में अभिभावक व स्कूली बच्चे मौजूद थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.