बेरमो (बोकारो) सीसीएल ढोरी एरिया महाप्रबंधक कार्यालय में सिक्योरिटी गार्ड पद पर तैनात युवक का फंदे से लटकता शव मिला है। उसकी पहचान संजीव पासवान उर्फ संजू (30) के रूप में हुई है। उसका शव बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर स्थित क्वार्टर में पंखे से लटका मिला। स्थानीय लोग इस मौत काे संदेहास्पद बता रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संजीव पासवान के उपर बहुत कर्ज था। वो हमेशा परेशान रहता था। लोगों ने बताया कि सोमवार दोपहर के बाद से उसे किसी ने नहीं देखा। मंगलवार को उसके साथियों ने सुबह फोन किया। कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खोलने पर उसका शव पंखे से लटकता मिला। शव का पैर बेड पर सट रहा था। इस कारण इस मामले को संदेहास्पद माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बेरमो थाना पुलिस और संजीव के ससुराल तथा सीसीएल प्रबंधन को घटना की सूचना दी। समाचार लिखे जाने तक बेरमो थाना पुलिस शव को सीसीएल के केंद्रीय अस्पताल स्पीच मर्चरी रूम में व्यवस्था कर रही थी। वहीं ताला खोलने वाले तथा पंखे से शव को उतारने वाले लोगों से पूछताछ कर जानकारी ली गई।
इस संबंध में बेरमो थाना प्रभारी शैलेश कुमार चौहान ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। लेकिन बाहर से दरवाजा बंद रहना सहित अन्य बिंदुओं पर जांच कर हम लोग निष्कर्ष पर पहुंचेंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भी जांच में अहम भूमिका होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.