अस्पताल में आग से डॉक्टर दंपती समेत 6 जिंदा जले:बचने के लिए बाथटब में बैठे थे डॉक्टर; वहीं दम घुटा

धनबाद2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
आग हाजरा क्लिनिक एंड हॉस्पिटल में शुक्रवार की रात एक बजे लगी।

झारखंड के धनबाद में शुक्रवार रात 1 बजे एक प्राइवेट अस्पताल में आग लग गई। इसमें डॉक्टर दंपती समेत 6 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसे के वक्त सभी लोग सो रहे थे। डॉक्टर का शव बाथटब से मिला है। ऐसा कहा जा रहा है कि खुद को बचाने के लिए वे पानी के टब में बैठ गए थे। यहीं उनकी लाश मिली।

आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि आग स्टोर रूम से शुरू हुई होगी। आग लगने के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है। डॉक्टर विकास हाजरा खिड़की से खुद को बचाने की गुहार लगा रहे हैं। नीचे फायरकर्मी और लोग उनसे कह रहे हैं कि चिंता मत कीजिए डॉक्टर साहब...हम आ रहे हैं... हम सीढ़ी से आपके पास आ रहे हैं।

तस्वीरों के जरिए समझिए पूरा हादसा

अस्पताल की पहली मंजिल पर लगी थी आग।
अस्पताल की पहली मंजिल पर लगी थी आग।
खिड़की से खुद को बचाने की गुहार लगाते रहे डॉक्टर विकास हाजरा।
खिड़की से खुद को बचाने की गुहार लगाते रहे डॉक्टर विकास हाजरा।
इसी बाथ टब में डॉक्टर हाजरा का शव मिला।
इसी बाथ टब में डॉक्टर हाजरा का शव मिला।
अस्पताल में रखा डॉक्टर दंपती का शव।
अस्पताल में रखा डॉक्टर दंपती का शव।
हाजरा क्लिनिक एंड हॉस्पिटल टेलिफोन एक्सचेंज रोड पर है
हाजरा क्लिनिक एंड हॉस्पिटल टेलिफोन एक्सचेंज रोड पर है
डॉक्टर हाजरा अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर ही अपने परिवार के साथ रहते थे।
डॉक्टर हाजरा अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर ही अपने परिवार के साथ रहते थे।

अस्पताल का नाम हाजरा क्लिनिक एंड हॉस्पिटल है और धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के टेलिफोन एक्सचेंज रोड पर है। डॉक्टर परिवार समेत क्लिनिक के फर्स्ट फ्लोर पर रहते थे। हादसे में डॉक्टर दंपती डॉ. विकास हाजरा, डॉ. प्रेमा हाजरा , भांजा सोहम खमारू, रिश्तेदार शंभू सिंघो, नौकरानी तारा मंडल समेत 6 की दम घुटने से मौत हो गई। सभी शव अलग-अलग कमरों से बरामद हुए हैं।

अस्पताल में भर्ती थे 10-15 मरीज

अस्पताल के गार्ड ने बताया कि रात 1 बजे के बाद चिंगारी दिखाई थी। हम दौड़कर ऊपर भागे तब तक पहली मंजिल आग की लपटों से घिर गई। करीब 1 घंटे बाद हमने बाकी सुरक्षाकर्मियों की मदद से 6 बॉडी बाहर निकाली। आग लगने के दौरान नीचे वाले वार्ड में 10-15 मरीज भी भर्ती थे। जैसे ही उन्हें आग लगने की जानकारी हुई वो खुद निकलकर बाहर चले गए। आग वहां तक नहीं पहुंची थी। आग सिर्फ फर्स्ट फ्लोर तक ही पहुंची थी।

डॉक्टर ने दो डॉगी पाल रखे थे। एक डॉगी की भी दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दूसरे का फायर ब्रिगेड ने बचा लिया।

रात 12 बजे तक मरीज देख रहीं थीं डॉक्टर
डॉ. प्रेमा हाजरा मौत के दो घंटे पहले तक मरीजों को देख रही थीं। नर्सिंग होम में भर्ती एक महिला का प्रसव रात 12 बजे कराया था। महिला गांधी रोड की रहने वाली है। शुक्रवार रात डिलीवरी के बाद बेटा हुआ है। ओटी में मौजूद नर्सों ने कहा, डॉ. प्रेरणा हाजरा ने मरीज से कहा था मुंह मीठा कराइये।

पूजा में शामिल होने कोलकाता से धनबाद आया था भांजा
डॉ. विकास हाजरा हर साल सरस्वती पूजा मनाते थे। इस आयोजन में शामिल होने उनका भांजा सोहम खमारू 25 जनवरी को कोलकाता से धनबाद पहुंचा था। इस आयोजन में शामिल होने डॉ. विकास हाजरा के ममेरे भाई, सुनील मंडल और रिश्तेदार शंभू सिंघो भी पहुंचे थे।

लापरवाही ने ली जान
खबर आ रही है कि हाजरा क्लिनिक के पास फायर एनओसी भी नहीं था। अस्पताल पिछले कई दशक से संचालित हो रहा था। कुछ साल पहले धनबाद के अग्नि शमन पदाधिकारी ने फायर एनओसी लेने के लिए डॉक्टर से कहा था। धनबाद की ग्रामीण एसपी रिष्मा रमेशन ने कहा, जांच की जा रही है। रांची से फॉरेंसिक टीम धनबाद आएगी। इस घटना के पीछे क्या वजह है, क्या कारण है। इसकी जांच होगी।

बेटी डॉक्टर की पढ़ाई कर रहे

हाजरा दंपती के एक बेटा और एक बेटी है। बेटा पुदुचेरी(पांडिचेरी) में पढ़ाई कर रहा है। बेटी नेपाल में एमबीबीएस कर रही है । दोनों के आने के बाद दंपती का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

CM ने दुख जताया

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा कि धनबाद स्थित हाजरा मेमोरियल अस्पताल में देर रात लगी आग से प्रसिद्ध डॉक्टर दंपती डॉ. विकास और डॉ. प्रेमा हाजरा समेत कुल 6 लोगों की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

आग के हादसों से जुड़ी अन्य खबरें...

आग से घिरी बिल्डिंग की 3 मंजिल से कूदी महिला,VIDEO:नवादा में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, महिला की हालत गंभीर

बिहार के नवादा में बाजार में शॉर्ट सर्किट से एक 4 मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। तीसरी मंजिल से एक महिला बचने के लिए नीचे कूद गई। महिला की हालत गंभीर है। आग बुझाने में कुछ लोग झुलस भी गए।

महिला के आग की लपटों में घिरी बिल्डिंग से कूदते हुए का वीडियो भी सामने आया है। आग में कपड़े की दुकान भी जल गई। पीड़ित परिवार के मुताबिक 50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। मामला नवादा के कादिरगंज बाजार का है। यहां चार मंजिला इमारत में सोमवार रात करीब 8 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करिए