झारखंड कैडर के IAS डॉ. शांतनु कुमार अग्रहरि को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के कैबिनेट मिनिस्टर डॉ वीरेंद्र कुमार का प्राइवेट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। वह सोमवार को नई दिल्ली स्थित शास्त्री भवन में अपना पदभार ग्रहण करेंगे। भारत सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग की तरफ से नई नियुक्ति के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
यह नियुक्ति पांच वर्ष के लिए की गई है। डॉ. शांतनु कुमार अग्रहरी हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियोजित पर गए थे। उन्हें गृह मंत्रालय के अंतर्गत संचालित होने वाले जनगणना विभाग में निदेशक बनाया गया था। डा. अग्रहरि ने राज्य के अलग-अलग विभागों व जिलों में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दी हैं।
चाईबासा,पलामू,जामताड़ा में रहे हैं डीसी, रांची नगर निगम के आयुक्त के रूप में किया कार्य
तेजतर्रार IAS अधिकारी डॉ. शांतनु कुमार अग्रहरि चाईबासा, पलामू और जामताड़ा जिले के उपायुक्त रहे हैं। उन्होंने रांची में रांची नगर निगम के नगर आयुक्त के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। 2012 बैच अधिकारी डॉ. अग्रहरि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
कोरोना संक्रमण के दौरान झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग में रहे OSD
कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि ने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग में OSD के रूप में अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा वह खाद्य आपूर्ति विभाग में भी पदस्थापित रहे हैं। संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता से पहले डॉ. अग्रहरि ने चिकित्सा की शिक्षा ली। उन्होंने अपने मेडिकल की पढ़ाई उत्तर प्रदेश से पूरी की।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.