झारखंड के जामताड़ा जिले से निकलकर साइबर अपराधियों का गैंग राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अपनी जड़े जमा चुका है। देवघर पुलिस की ओर से की गई छापेमारी में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 14 मोबाइल, 15 सिम कार्ड, 6 एटीएम एवं 2 पासबुक बरामद किया है।हल्दीराम कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर लिंक भेजकर यह लोग आम लोगों से ठगी कर रहे थे।
साइबर पुलिस की टीम ने जिले के सारठ थाना क्षेत्र के पिंडारी, खागा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर एवं बुढ़ई थाना क्षेत्र के झिलुवा गांव में छापेमारी कर इन साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया। साइबर थाना प्रभारी सुधीर कुमार पोद्दार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह लोग फर्जी बैंक अधिकारी बनकर ऑनलाइन अकाउंट खोलने सहित अन्य माध्यमों से लोगों से ठगी का काम कर रहे थे। इस बारे में जन सामान्य को शक होने पर इन्होंने ठगी का तरीका बदल दिया। यह लोग नामी कंपनियों के ब्रांड नेम का इस्तेमाल कर अब लोगों को अपने झांसे में ले रहे थे।
कोरोना लॉकडाउन के बाद लोगों के समक्ष पैदा हुए रोजगार के संकट को देखते हुए यह लोग हल्दीराम की फ्रेंचाइजी दिलाने का भरोसा देते थे। इसके लिए लोगों के मोबाइल पर बकायदा लिंक भेजा जाता था। इस लिंक को खोलने के साथ ही आम लोग इनके जाल में फंस जाते थे। इसके जरिए लोगों से सभी गोपनीय सूचनाएं हासिल कर ली जाती थीं। इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक को मिलने के बाद टीम गठित करते हुए छापेमारी कराई गई। इन नेटवर्क में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में अजमल शेख, नुरुल इस्लाम शेख, मो. शाकिर अंसारी, शमशुल मियां, एवं असलम अंसारी शामिल है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.