सरायकेला-खरसावां जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगू में गुरुवार की सुबह बारात से लौट रही मिनी ट्रक पुल से टकरा कर पलट गई। बारात ईचागढ़ थाना क्षेत्र के दारूदा से कांदर बेड़ा के पास रामगढ़ गई थी। मिनी ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि पुल से टकरा के बाद चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। सड़क हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 13 लोग घायल हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें RIMS रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर चांडिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सभी जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। चांडिल थाने की ओर से बताया गया कि दुर्घटना के समय वाहन में 18 लोग सवार थे। इसमें 13 लोगों को इलाज के लिए भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि हादसा करीब 4 बजे हुआ। मरने वालों की पहचान सुनील सिंह मुंडा(22),शंकराडीह,, शैलेंद्र मछुआ (25) दारुदा, टोला नीमडीह, भीम सिंह मुंडा (14) दारुदा, टोला नीमडीह तथा नीलम सिंह मुंडा(17) दारुदा टोला नीमडीह तथा अर्जुन सिंह मुंडा के रूप में की गई है। तीन लोगों की मौत मौके पर हो गई। दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायलों में दीपक सिंह मुंडा, रघुनाथ सिंह मुंडा, सोनू सिंह मुंडा्, रुपेश, सोनू सिंह, बलराम यादव, लव सिंह मुंडा, विकास महतो, अजय कुमार महतो, मनीष सिंह मुंडा, शिबू्, बुधेश्वर मुंंडा, बुद्धु लोहार शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में घायलों का इलाज शुरू हो गया है।
गंभीर रूप से घायल लोगों को ऑक्सीजन चढ़ाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मिनी ट्रक ड्राइवर ने दिन भर पंचायत चुनाव के लिए प्रचार किया था। इसके बाद वाहन लेकर बारात चला गया।रात में पार्टी की। इसके कारण चालक को गाड़ी चलते समय नींद आ गई। नींद के कारण यह हादसा हुआ। वाहन पर लोगों के साथ-साथ साउंड बॉक्स, लाइडस्पीकर भी रखे गए थे। दुर्घटना में वाहन का एक चक्का तक निकल गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.