झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में गुरुवार की शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई। बताया जा रहा है कि गोलमुरी गड्ढा स्कूल के समीप लगभग पांच बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सड़क के किनार खेल रहे बच्चे को टक्कर मार दी। घटना में मौके पर ही बच्चे की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। गुस्साए लोगों ने कार को ईंट पत्थर से क्षतिग्रस्त कर दिया। कार के चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया गया। मरने वाले बच्चे का नाम हदीब बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद आक्रोशित हुए लोग
मासूम बच्चे की मौत देखकर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। कुछ लोग कार को आग के हवाले करने वाले थे। हालांकि दूसरे लोगों के समझाने के बाद लोगों ने वाहन में आग नहीं लगाई। वाहन को पत्थर व डंडे से क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया गया कि बच्चा खेल रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित कार ने आकर उसे ठोकर मार दी। हंगामा करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चला। हादसे के कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात फिर सामान्य कराया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.